पुरोला में 24वीं राज्यस्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज

 

रमोला न्यूज ब्यूरो
नौगांव : उत्तरकाशी के सीमांत क्षेत्र पुरोला में मंगलवार को खेल उत्सव का शानदार आगाज हुआ। मिनी स्टेडियम में 24वीं राज्यस्तरीय बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मार्चपास्ट के साथ हुआ। पहली बार पुरोला में आयोजित हो रही इस प्रतियोगिता में कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के सभी 13 जनपदों की करीब 468 बालिका खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की टीमें दमखम दिखाएंगी।

हरिद्वार ने पौड़ी को 44-13 से दी शिकस्त

प्रतियोगिता के पहले दिन हरिद्वार और पौड़ी की टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। इसमें हरिद्वार की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 44 अंक हासिल किए, जबकि पौड़ी की टीम 13 अंक ही बना सकी। हरिद्वार ने 31 अंकों के अंतर से मुकाबला अपने नाम किया। पहले ही दिन खिलाड़ियों के उत्साह और मैदान पर उनके दमदार प्रदर्शन ने प्रतियोगिता को रोमांचक बना दिया।
खेलों से बढ़ता है आत्मविश्वास और नेतृत्व कौशल
प्रतियोगिता का उद्घाटन पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल और मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं बालिकाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। खेलों से आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं से भी खेलों में आगे बढ़कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने विभिन्न जनपदों से पहुंची खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से अनुशासन, आपसी सहयोग और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की अपील की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह में छात्राओं की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। मार्चपास्ट के दौरान विभिन्न जनपदों की टीमों ने अनुशासन और एकजुटता का परिचय दिया। प्रतियोगिता के आयोजन से सीमांत क्षेत्र पुरोला में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को भी नई प्रेरणा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, उपाध्यक्ष पवन नौटियाल, रामचंद्र पंवार, विनोद असवाल, चतर सिंह चौहान, अवतार चौहान, जनक चौहान, मोहब्बत नेगी, धनवीर सिंह, शीशपाल सिंह रावत, राजपाल सिंह पंवार, नवीन गैरोला, मोहन सिंह राणा और अंकित सिंह पंवार सहित गढ़वाल-कुमाऊं के विभिन्न जनपदों से आए कबड्डी टीम प्रभारी और खिलाड़ी मौजूद रहे। कार्यक्रम में वीओ पूजा नेगी ने अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजन से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *