लाल धान की खेती करने वाली महिलाओं के बीच पहुंचीं रेड राइस लेडी स्वतंत्री बंधानी

 

तिलक चंद रमोला
रमोला न्यूज़ ब्यूरो

नौगांव : जन्मदिन पर केक काटने और जश्न मनाने की परंपरा से अलग हटकर नौगांव विकासखंड के कोटियालगांव निवासी रेड राइस लेडी स्वतंत्री बंधानी ने सोमवार को पुरोला के रामा सिराईं क्षेत्र के कंडियाल गांव में लाल धान की खेती करने वाली महिलाओं के बीच पहुंचकर अपना जन्मोत्सव मनाया। लाल धान के खेतों में महिला किसानों के साथ समय बिताते हुए उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और इस पारंपरिक फसल को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
स्वतंत्री बंधानी ने लाल धान के लिए उचित समर्थन मूल्य निर्धारित करने की मांग उठाते हुए कहा कि पारंपरिक लाल धान का उत्पादन करने वाले किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत लाल धान की फसल के लिए अन्य धान की अपेक्षा अधिक प्रीमियम निर्धारित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि किसानों को इस फसल के उत्पादन के लिए प्रोत्साहन मिल सके।
उन्होंने बताया कि वह विगत बर्षों से पुरोला क्षेत्र के पारंपरिक लाल धान को पहचान दिलाने और इसे किसानों की आजीविका का मजबूत आधार बनाने के लिए तीन प्रमुख स्तरों पर काम कर रही हैं। इनमें लाल धान का उत्पादन बढ़ाना, मूल्य संवर्धन एवं प्रसंस्करण और बेहतर विपणन व्यवस्था विकसित करना शामिल है।

खेती की चुनौतियों पर भी उठाई आवाज

कंडियाल गांव में महिला किसानों के साथ बातचीत के दौरान लाल धान की खेती में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। किसानों ने रोपाई के समय नहरों के समुचित प्रबंधन, कृषि यंत्रों की उपलब्धता और लाल धान के प्रसंस्करण के लिए क्षेत्र में यूनिट स्थापित करने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
स्वतंत्री बंधानी ने कहा कि लाल धान जैसी पारंपरिक फसलों को संरक्षित करने के साथ-साथ किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करना भी जरूरी है। इसके लिए उत्पादन से लेकर बाजार तक की पूरी व्यवस्था को सुदृढ़ करना होगा। किसानों को उचित मूल्य, आधुनिक कृषि सुविधाएं और प्रसंस्करण की स्थानीय व्यवस्था उपलब्ध होने से लाल धान की खेती को नई दिशा मिल सकती है।

महिला किसानों के बीच मनाया जन्मोत्सव

इस अवसर पर स्वतंत्री बंधानी ने लाल धान की खेती करने वाली महिलाओं के साथ खेतों में समय बिताया और उनके अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में समूह की अध्यक्ष संगीता देवी, गोकल देवी, सोनम रावत, प्रमिला ज्याड़ा, रीना कंडियाल, सामाजिक कार्यकर्ता जगजीवन बंधानी, बलबीर सिंह कंडियाल, अरविंद ज्याड़ा और चैन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *