रमोला न्यूज नौगांव :
नौगांव विकासखंड के बर्नीगाड़ क्षेत्र में बुधवार को सिंगुड़ी-पिप्यारा मोटर मार्ग का विधायक दुर्गेश्वर लाल ने पूजा-अर्चना कर उद्घाटन किया। वहीं, गंगनाणी धारा से पिप्यारा गांव तक तीन किलोमीटर मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। सड़क सुविधा मिलने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार गांव-गांव तक सड़क पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य कर रही है। सड़क मार्गों का निर्माण होने से ग्रामीणों को आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि पुरोला विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं और आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों को धरातल पर उतारना उनका संकल्प है।
विधायक ने सिंगुड़ी-पिप्यारा मोटर मार्ग के निर्माण में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और लोक निर्माण विभाग मंत्री सतपाल महाराज का आभार जताया।
दर्जाधारी राज्यमंत्री जगत सिंह चौहान ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य किए जा रहे हैं। पिप्यारा गांव तक सड़क निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने सड़क मार्ग के उद्घाटन और निर्माण कार्य शुरू होने पर विधायक का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में दर्जाधारी राज्यमंत्री जगत सिंह चौहान, ग्राम प्रधान अनीता रावत, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अर्जुन नेगी, मंडल अध्यक्ष अनिल चौहान, अमिता परमार, मीना रावत, चैन सिंह रावत, प्रवीण उनियाल, जयेंद्र रावत, प्रताप सिंह चौहान, हरपाल सिंह रावत, बलबीर सिंह चौहान, श्याम लाल डोभाल, रवि रावत, प्रदीप चौहान, मनीष राणा सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

