कोमल रमोला
रमोला न्यूज़ ब्यूरो
पंचकूला। नमो क्रिकेट लीग (NCL) ने टेनिस बॉल क्रिकेट के क्षेत्र में विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर पंचकूला का नाम गौरवान्वित किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए वर्ल्ड रिकॉर्ड्स इंडिया की ओर से सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट, पंचकूला को मेडल एवं प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। यह उपलब्धि खेलों को बढ़ावा देने, युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराने और उन्हें नशे से दूर रखने के उद्देश्य से किए गए सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
प्रमाणपत्र के अनुसार, सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस विशाल टेनिस बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट में पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सहित पांच राज्यों एवं केंद्रशासित क्षेत्रों में बड़े स्तर पर आयोजन किया गया। इस उपलब्धि में 3,270 टीमों, 55,000 खिलाड़ियों एवं सहयोगियों तथा 15 दिनों में 3,303 से अधिक मैचों का उल्लेख किया गया है। इतने व्यापक स्तर पर क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन युवाओं के बीच खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह और सामूहिक सहभागिता को दर्शाता है।
युवाओं को खेलों से जोड़ना और नशे से दूर रखना हमारा लक्ष्य : तरुण भंडारी
हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव एवं नमो क्रिकेट लीग के संस्थापक एवं चेयरमैन तरुण भंडारी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नमो क्रिकेट लीग का विश्व रिकॉर्ड युवाओं की मेहनत, जुनून, अनुशासन और टीम भावना का प्रतीक है। इस आयोजन के पीछे हमारा उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिताएं करवाना नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और उन्हें खेलों के माध्यम से समाज के साथ जोड़ना है।
उन्होंने कहा कि “हमारा संदेश स्पष्ट है— क्रिकेट को हां, नशे को ना। हम चाहते हैं कि युवा अपनी ऊर्जा खेलों में लगाएं, अपनी प्रतिभा को निखारें और जीवन में आगे बढ़कर अपने परिवार, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और मिलकर काम करने की भावना विकसित करते हैं।”
तरुण भंडारी ने कहा कि नमो क्रिकेट लीग को मिली यह पहचान सभी खिलाड़ियों, टीमों, आयोजकों, सहयोगियों और इस अभियान से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए ऐसे प्रयास जारी रखने की प्रेरणा मिलती रहेगी।
वर्किंग टीम के सामूहिक प्रयासों से मिली सफलता
इस विश्व रिकॉर्ड को स्थापित करने में आयोजन से जुड़ी टीम और सहयोगियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। नमो क्रिकेट लीग से जुड़े संस्थापक एवं चेयरमैन तरुण भंडारी, मुकेश सिंगला, विनय धीर, दीपक गर्ग, नरेश गोयल, राकेश जगोता, नरेश मित्तल (संवारा स्वीट्स), नरेश संवारा, अनुराधा पुरी, अक्षय कौशिक, राकेश गर्ग,विकास गोयल,मनील मोंगा,संजीव सूद,अजय चौधरी,नीरज चौधरी, अमन मोगा, विवेक सैनी, अजय चौधरी, हिमांशु सूद और पंकज सहित अन्य सहयोगियों के प्रयासों को इस उपलब्धि के संदर्भ में सराहा गया।
टीम के सदस्यों और सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों से प्रतियोगिता को बड़े स्तर पर आयोजित करने तथा खिलाड़ियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने में मदद मिली। इस प्रकार का आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देता है, बल्कि युवाओं में आपसी भाईचारे, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करता है।
खेलों के माध्यम से नशामुक्त समाज का संदेश
आज युवाओं को नशे से दूर रखना समाज के सामने एक महत्वपूर्ण चुनौती है। ऐसे समय में क्रिकेट जैसे लोकप्रिय खेल के माध्यम से जागरूकता फैलाना विशेष महत्व रखता है। नमो क्रिकेट लीग ने खेल को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगाने का संदेश दिया है।
वर्ल्ड रिकॉर्ड्स इंडिया से प्राप्त मेडल और प्रमाणपत्र इस आयोजन की एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। नमो क्रिकेट लीग का यह प्रयास बताता है कि खेलों के माध्यम से युवाओं को जोड़कर सामाजिक जागरूकता का व्यापक अभियान चलाया जा सकता है। ‘क्रिकेट को हां, नशे को ना’ का संदेश आने वाले समय में भी युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और नशामुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

