मुख्यमंत्री आवास पर स्मृति ईरानी ने जाना प्रो. रामबिलास शर्मा का कुशलक्षेम, संगठन के पुराने दिनों की यादें हुईं ताजा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बावजूद पांच मिनट में तथ्यों सहित सुनाया हरियाणा भाजपा के प्रभारियों का सफर, वरिष्ठ नेताओं ने अनुभव और स्मरण शक्ति की सराहना की

चंडीगढ़ 23 अक्टूबर(हरमि’दर नागपाल रमोला न्यूज़)हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास संत कबीर कुटीर पर वीरवार देर शाम भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं हरियाणा प्रदेश प्रभारी स्मृति जुबिन ईरानी तथा प्रदेश महामंत्री संगठन प्रवीण राणा के सम्मान में आयोजित भोज कार्यक्रम में एक भावुक और दिलचस्प नजारा देखने को मिला। कार्यक्रम में पहुंचीं स्मृति ईरानी सबसे पहले हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा के पास पहुंचीं और उनका कुशलक्षेम जाना।
इस दौरान प्रो. रामबिलास शर्मा ने अपनी विशिष्ट शैली में हरियाणा भाजपा के संगठनात्मक इतिहास और प्रदेश प्रभारी के रूप में विभिन्न नेताओं के कार्यकाल का पांच मिनट में ही तथ्यात्मक विवरण प्रस्तुत कर दिया। उन्होंने नरेंद्र मोदी से लेकर स्मृति ईरानी तक हरियाणा भाजपा के प्रभारी रहे नेताओं के सफर और संगठन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को विस्तार से बताया। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद उनकी स्मरण शक्ति, संगठनात्मक अनुभव और तथ्यों पर मजबूत पकड़ देखकर वहां मौजूद वरिष्ठ नेता भी आश्चर्यचकित रह गए।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, बिजली मंत्री अनिल विज सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। सभी ने प्रो. रामबिलास शर्मा के लंबे राजनीतिक अनुभव और संगठन के प्रति उनकी गहरी समझ को करीब से देखा।
बातचीत के दौरान स्मृति ईरानी ने भी पुराने दिनों को याद करते हुए प्रो. रामबिलास शर्मा को बताया कि उनके प्रदेश अध्यक्ष कार्यकाल के दौरान रोहतक में आयोजित महिलाओं के विरोध प्रदर्शन में वह स्वयं भी शामिल हुई थीं। इस प्रसंग से दोनों नेताओं के बीच भाजपा संगठन में साथ काम करने के पुराने अनुभवों की यादें ताजा हो गईं।
हरियाणा भाजपा में प्रो. रामबिलास शर्मा का संगठनात्मक योगदान लंबे समय से महत्वपूर्ण रहा है। प्रदेश अध्यक्ष और शिक्षा मंत्री जैसे अहम दायित्व निभाने वाले शर्मा ने अपने राजनीतिक जीवन में संगठन को मजबूत करने के लिए अनेक कार्य किए हैं। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की ओर से उन्हें टिकट नहीं दिया गया, लेकिन इसके बावजूद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच उनके अनुभव और संगठनात्मक पकड़ का महत्व आज भी बना हुआ है।
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित इस भोज कार्यक्रम में प्रदेश के चुनिंदा वरिष्ठ नेताओं को ही आमंत्रित किया गया था। इनमें सरकार के मंत्री, सांसद और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी शामिल थे। प्रो. रामबिलास शर्मा को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में स्मृति ईरानी द्वारा उनसे आत्मीयता से मुलाकात करना और उनके अनुभवों को सुनना इस बात का संकेत रहा कि भाजपा संगठन में उनके लंबे अनुभव और योगदान को आज भी महत्व दिया जाता है। मुख्यमंत्री आवास संत कबीर कुटीर पर हरियाणा भाजपा प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति जुबिन ईरानी और हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा की मुलाकात का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही महेंद्रगढ़ में उनके समर्थकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।
प्रो. रामबिलास शर्मा के समर्थकों ने इस मुलाकात को उनके लंबे राजनीतिक अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और भाजपा में उनके योगदान से जोड़कर देखा। समर्थकों का कहना है कि प्रो. शर्मा ने लगभग 40 वर्षों तक भाजपा एवं संगठन को मजबूत करने के लिए दिन-रात मेहनत की है। संगठन के प्रति उनका समर्पण हमेशा बना रहा है।
समर्थकों ने कहा कि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बावजूद प्रो. रामबिलास शर्मा ने संगठन से दूरी नहीं बनाई और भाजपा की मजबूती के लिए लगातार कार्य करते रहे। उनके अनुसार, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ उनकी आत्मीय मुलाकात इस बात का प्रमाण है कि संगठन में उनके अनुभव और योगदान का आज भी विशेष महत्व है।
फोटो कैप्शन
संत कबीर कुटीर में हरियाणा भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा का कुशलक्षेम पूछते हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *