विक्रांत शर्मा ब्यूरो चीफ,/ रमोला न्यूज़/पंचकूला।:- अग्रवाल सभा पंचकूला के आगामी 1 नवंबर को होने वाले चुनाव को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है। अध्यक्ष पद के लिए केवल दो उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें जगमोहन गर्ग भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। जगमोहन गर्ग अपनी टीम के साथ विभिन्न सेक्टरों में घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और अपनी विचारधारा व कार्ययोजना साझा कर रहे हैं।
जगमोहन गर्ग ने कहा कि अग्रवाल सभा के चुनाव 12 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद हो रहे हैं। उन्होंने चुनाव करवाने की पहल के लिए मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और स्थानीय मेयर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव के माध्यम से सभा को नई दिशा देने और समाज की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करने का अवसर मिलेगा।
पारदर्शिता और सदस्यता विस्तार पर रहेगा जोर
जगमोहन गर्ग ने कहा कि उनकी टीम का मुख्य उद्देश्य सभा की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना, आय-व्यय का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखना और अधिक से अधिक अग्रवाल परिवारों को संस्था से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक सदस्य को सभा की गतिविधियों में भागीदारी का अवसर मिलना चाहिए।
महासचिव पद के उम्मीदवार मुकेश बंसल ने भी सदस्यता विस्तार और वित्तीय पारदर्शिता को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को संस्था से जोड़कर अग्रवाल समाज की एकजुटता को मजबूत किया जा सकता है।
विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवार
अध्यक्ष पद के लिए जगमोहन गर्ग, वरिष्ठ उपप्रधान पद के लिए सुभाष सिंगला, महासचिव पद के लिए मुकेश बंसल, वित्त सचिव पद के लिए सतीश अग्रवाल, सचिव पद के लिए राजेश बंसल और ऑडिटर पद के लिए विकास भोजिया चुनाव मैदान में हैं।
कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए बजरंग लाल सिंगला, सरवन सिंगला, संदीप गर्ग, दिनेश मित्तल, मुकेश गोयल, प्रदीप बंसल, प्रवीण गर्ग, महेंद्रपाल बंसल, अमित गोयल और अतुल गर्ग उम्मीदवार हैं।
प्रेस सचिव पद के लिए राकेश कुमार गोयल चुनाव लड़ रहे हैं।
कई उम्मीदवारों ने जताया समर्थन
जगमोहन गर्ग ने बताया कि उपप्रधान पद पर नवराज मित्तल निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। साथ ही, उनके अनुसार, कार्यकारिणी सदस्य पद के दो निर्दलीय उम्मीदवार प्रवीण गोयल और मनोज अग्रवाल ने उनकी टीम को समर्थन देने की घोषणा की है।
भाईचारा बनाए रखने की अपील
जगमोहन गर्ग ने कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं, लेकिन समाज का आपसी भाईचारा सर्वोपरि है। उन्होंने सभी कॉलेजियम सदस्यों से 1 नवंबर को मतदान में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य अग्रवाल सभा को अधिक सक्रिय, पारदर्शी और समाज के हितों के लिए समर्पित संस्था बनाना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि चुनाव सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होंगे और अग्रवाल समाज की एकता पहले की तरह मजबूत बनी रहेगी।
