किक बॉक्सिंग वर्ल्ड कप में दो कांस्य पदक जीतकर यादविंद्र चौहान ने बढ़ाया पंचकूला का मान, ज्ञान चंद गुप्ता ने किया सम्मानित 

 

रिपोर्ट : कोमल रमोला

पंचकूला:  उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में 13 से 18 अक्तूबर तक आयोजित किक बॉक्सिंग वर्ल्ड कप में दो कांस्य पदक जीतकर पंचकूला के गांव नग्गल निवासी यादविंद्र चौहान ने पंचकूला और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर यादविंद्र चौहान ने आज हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं पंचकूला के पूर्व विधायक ज्ञान चंद गुप्ता से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर यादविंद्र चौहान ने प्रतियोगिता के दौरान अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने किक बॉक्सिंग की दो अलग-अलग स्पर्धाओं में कांस्य पदक हासिल किए। उनकी इस उपलब्धि पर ज्ञान चंद गुप्ता ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना और पदक जीतना गर्व की बात है। यादविंद्र ने अपनी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण से युवाओं के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की है।

ज्ञान चंद गुप्ता ने यादविंद्र चौहान को शॉल ओढ़ाकर एवं मुंह मीठा करवाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि यादविंद्र भविष्य में भी इसी प्रकार शानदार प्रदर्शन करते हुए देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

इस अवसर पर यादविंद्र चौहान के माता-पिता सहित मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र संधू, बरवाला के सरपंच ओम सिंह राणा, पूर्व चेयरमैन अशोक शर्मा, रामपाल नग्गल, रिम्पू शर्मा नग्गल, गौतम शर्मा, अशोक नग्गल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *