हेमंत कुमार
रमोला न्यूज़ ब्यूरो
कालका, 23 नवंबर : राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) कालका में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नगर परिषद कालका के अध्यक्ष श्री कृष्ण लाल लांबा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर श्री कृष्ण लाल लांबा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने तथा जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आईटीआई से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद विद्यार्थियों को खाली नहीं बैठना चाहिए बल्कि अपनी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करना चाहिए या स्वयं का व्यवसाय शुरू करना चाहिए।
उन्होंने स्वरोजगार अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने को प्राथमिकता देनी चाहिए। इससे वे न केवल आत्मनिर्भर बनेंगे बल्कि अपने लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करवा सकेंगे। इस प्रकार वे समाज और देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे पाएंगे।
समारोह में लगभग 400 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर विभिन्न ट्रेडों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यातिथि द्वारा मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को कौशल विकास, स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता एवं नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूक और प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में संस्थान के प्राचार्य श्री मनदीप बेनीवाल, ग्रुप इंस्ट्रक्टर श्री संजीव त्यागी एवं श्री राधेश्याम सहित संस्थान के अन्य अनुदेशक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
