दिव्यांग क्रिकेट को मिली नई उड़ान, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने 20 विशेष व्हीलचेयर देकर रचा इतिहास

 

रमोला न्यूज़ ब्यूरो

चण्डीगढ़ : दिव्यांगता खेल प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति और अवसर मिलने पर सफलता की नई मिसाल बन सकती है। इसी सोच को साकार करते हुए पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) ने बठिंडा से व्हीलचेयर क्रिकेट के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल की। पंजाब और चंडीगढ़ की टीमों के बीच आयोजित मैत्री मुकाबले में जहां खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल से दर्शकों का दिल जीता, वहीं पंजाब की टीम ने जीत दर्ज कर मुकाबला अपने नाम किया।

मैच में पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। चंडीगढ़ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 111/5 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब की टीम ने 112/3 रन बनाकर जीत हासिल की। पंजाब पर 10 रन की पेनल्टी लगने के बावजूद टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।

इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण पीसीए अध्यक्ष अमरजीत मेहता द्वारा पंजाब और चंडीगढ़ की टीमों को 10-10 विशेष व्हीलचेयर उपलब्ध करवाने की पहल रही। उन्होंने खिलाड़ियों के लिए बेहतर क्रिकेट किट, आधुनिक खेल उपकरण, विशेष कोच और चयनकर्ताओं की सुविधा उपलब्ध करवाने की भी घोषणा की।

अमरजीत मेहता ने कहा कि पीसीए का उद्देश्य व्हीलचेयर क्रिकेट को केवल प्रोत्साहित करना ही नहीं, बल्कि इसे एक संगठित और प्रतिस्पर्धात्मक खेल के रूप में स्थापित करना है। पंजाब की अपनी व्हीलचेयर क्रिकेट टीम तैयार की जाएगी, जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। इसके अलावा शेर-ए-पंजाब लीग और आईपीएल की तर्ज पर व्हीलचेयर क्रिकेट लीग शुरू करने की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि बठिंडा से शुरू हुई यह पहल देशभर के दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

डॉ. रुपेश कुमार सिंह ने कहा- 20 विशेष व्हीलचेयर खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात

व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन चंडीगढ़ एवं पंजाब के अध्यक्ष डॉ. रुपेश कुमार सिंह ने पीसीए अध्यक्ष अमरजीत मेहता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्हीलचेयर क्रिकेट से जुड़े खिलाड़ी पिछले 8 से 10 वर्षों से लगातार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन पर्याप्त संसाधन उपलब्ध न होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार चार-पांच व्हीलचेयर के सहारे ही खिलाड़ियों को मैच खेलने पड़ते थे। ऐसे में 20 विशेष व्हीलचेयर उपलब्ध करवाना खिलाड़ियों के लिए किसी बड़े उपहार से कम नहीं है।

डॉ. सिंह ने बताया कि एबिलिटी स्पोर्ट्स लीग में पंजाब के चार और चंडीगढ़ के एक सहित कुल पांच खिलाड़ियों का चयन हुआ है। उन्होंने कहा कि पीसीए की यह पहल व्हीलचेयर क्रिकेट के भविष्य को मजबूत करेगी। इससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलेगी। उन्होंने अन्य राज्य क्रिकेट एसोसिएशनों से भी दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए आगे आने की अपील की।

इस अवसर पर चंडीगढ़ से व्हीलचेयर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. रुपेश कुमार सिंह, उपाध्यक्ष दीपक शर्मा, महासचिव कमलजीत सिंह, खेल सचिव गौतम शर्मा, एडवोकेट संजीव शर्मा और प्रेस सचिव सुरिंदर गोयल सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

सभी पदाधिकारियों ने पीसीए अध्यक्ष अमरजीत मेहता और पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक मैत्री क्रिकेट मुकाबला नहीं, बल्कि दिव्यांग खिलाड़ियों को सम्मान, संसाधन और समान अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में एक नई शुरुआत है। बठिंडा से उठी यह पहल निश्चित रूप से व्हीलचेयर क्रिकेट को नई पहचान देने के साथ हजारों खिलाड़ियों के सपनों को उड़ान देने का काम करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *