पंचकूला, 26 नवंबर: उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने आज मुख्यमंत्री घोषणाओं (सीएम अनाउंसमेंट्स) के तहत जिला में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों एवं परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा में पूरा करना सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को सरकार की विकास योजनाओं एवं परियोजनाओं का लाभ जल्द से जल्द मिल सके।
लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न विभागों की मुख्यमंत्री घोषणाओं की एक-एक कर समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति और निर्धारित लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली।
उपायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय एवं तालमेल के साथ कार्य करें और मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत स्वीकृत विकास परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए प्रभावी कदम उठाएं। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से संबंधित पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें, ताकि कार्यों की वास्तविक स्थिति की निरंतर निगरानी की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री घोषणाएं सीधे तौर पर जनकल्याण और आमजन की सुविधाओं से जुड़ी हैं। ऐसे में इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी परियोजना के क्रियान्वयन में कोई बाधा आ रही है तो उसका तत्काल समाधान करते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें), हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए), नगर निगम, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, खेल विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, अग्निशमन विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के अंतर्गत चल रही विकास परियोजनाओं एवं मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति से उपायुक्त को अवगत करवाया।
इस अवसर पर डीडीपीओ विशाल पराशर, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. रणजीत सिंह जादौन, लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) के कार्यकारी अभियंता आशीष चौहान, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता दीपक मेहरा, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के परियोजना अधिकारी सुरेश यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सविता नेहरा, जिला खेल अधिकारी राजबीर, फायर ऑफिसर तरसेम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
**^**
