पंचकूला, 26 नवंबर : राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के उद्देश्यों को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा सरकार राज्य के सरकारी एवं निजी विश्वविद्यालयों तथा उच्चतर शिक्षा संस्थानों को विश्व के प्रमुख विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों से जोड़ने की दिशा में प्रयास कर रही है। एनईपी 2020 के तहत भारत को उच्चतर शिक्षा के एक पसंदीदा वैश्विक गंतव्य के रूप में विकसित करने, अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग बढ़ाने, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के आदान-प्रदान तथा ‘इंटरनेशनलाइजेशन एट होम’ की अवधारणा को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया है।
इसी दिशा में राष्ट्रीय लक्ष्य ‘विकसित भारत/2047’ के अनुरूप हरियाणा विजन/2047 के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों की वैश्विक पहचान मजबूत करने और वर्ष 2047 तक हरियाणा में 10,000 अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हरियाणा राज्य उच्चतर शिक्षा परिषद (एचएसएचईसी) उच्चतर शिक्षा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। इस पहल के तहत राज्य के विश्वविद्यालय अपने परिसरों में समर्पित अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी कार्यालय स्थापित कर रहे हैं। इन कार्यालयों का संचालन एक नामित निदेशक अथवा समन्वयक द्वारा किया जाएगा। ये कार्यालय विदेशी विश्वविद्यालयों से संपर्क स्थापित करने, शैक्षणिक साझेदारियों की संभावनाएं तलाशने, समझौता ज्ञापनों (एमओयू) के क्रियान्वयन की निगरानी करने, अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के प्रवेश को सुगम बनाने तथा विद्यार्थी एवं शिक्षक आदान-प्रदान कार्यक्रमों का समन्वय करने का कार्य करेंगे। ये कार्यालय एचएसएचईसी और हरियाणा के विदेश सहयोग विभाग के साथ मिलकर कार्य करेंगे।
इसी क्रम में एचएसएचईसी और ब्रिटिश काउंसिल ने हरियाणा के विश्वविद्यालयों एवं उच्चतर शिक्षा संस्थानों में अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को विकसित करने तथा वैश्विक स्तर पर उनकी सहभागिता की क्षमता बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
एचएसएचईसी के चेयरपर्सन प्रो. के.सी. शर्मा ने बताया कि इस समझौते के तहत ब्रिटिश काउंसिल द्वारा भारतीय उच्चतर शिक्षा संस्थानों में अंतरराष्ट्रीयकरण की क्षमता सुदृढ़ करने संबंधी कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम के पहले चरण में नवंबर 2026 से मार्च 2027 तक हरियाणा के लगभग 30 उच्चतर शिक्षा संस्थानों को शामिल किया जाएगा। प्रत्येक संस्थान से दो प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। इस दौरान ऑनलाइन सत्रों और ब्रिटेन के विशेषज्ञों द्वारा प्रत्यक्ष कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें संस्थागत अंतरराष्ट्रीयकरण रणनीतियां तैयार करने, विदेशी संस्थानों के साथ शैक्षणिक साझेदारियां विकसित करने तथा अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों की योजना बनाने और उन्हें लागू करने संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम में विभिन्न संस्थानों के बीच परस्पर ज्ञान एवं अनुभवों का आदान-प्रदान तथा संस्थागत कार्ययोजनाएं तैयार करना भी शामिल होगा। कार्यक्रम का दूसरा चरण अप्रैल 2027 से मार्च 2028 तक संचालित किया जाएगा, जिसकी विस्तृत रूपरेखा दोनों पक्षों की आपसी सहमति से तय की जाएगी।
ब्रिटिश काउंसिल इंडिया के उप निदेशक श्री शैनन वेस्ट ने हरियाणा के लिए इस समझौते को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह संयुक्त पहल राज्य के विश्वविद्यालयों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत संपर्क स्थापित करने, शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग बढ़ाने, अधिक अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को आकर्षित करने तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों को वैश्विक स्तर पर बेहतर अवसर एवं अनुभव प्रदान करने में मदद करेगी।
यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, विकसित भारत/2047 और हरियाणा विजन/2047 के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ. वाई.पी.एस. बरवाल, उच्चतर शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक श्री जीतेंद्र जोशी तथा परिषद एवं शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
*****
