पंचकूला, 26 नवंबर : हरियाणा सरकार द्वारा युवाओं को राज्य की समृद्ध प्राकृतिक धरोहर और संस्कृति से रूबरू करवाने के उद्देश्य से तीन दिवसीय विशेष भ्रमण कार्यक्रम के तहत चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने आज नेचर कैम्प थापली का भ्रमण किया।
युवा कल्याण समन्वयक नरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि हरियाणा सरकार युवा वर्ग के कल्याण और जागरूकता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और हमारी सांस्कृतिक विरासत के बारे में प्रत्यक्ष अनुभव उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर रेंज ऑफिसर विजय नेहरा ने विद्यार्थियों को नेचर कैम्प थापली की संरचना और गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने ट्रैकिंग के दौरान पालन किए जाने वाले नियमों, सुरक्षा उपायों एवं वन विभाग द्वारा की जा रही संरक्षण पहल के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
कैंप संयोजक श्रीमती साक्षी ने बताया कि विद्यार्थियों ने भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव करते हुए पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और संरक्षण के महत्व को समझा। सभी विद्यार्थियों ने इस यात्रा को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया।
*******
