पंचकूला, 26 नवंबर : पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-15, पंचकूला में आज संविधान दिवस बड़े उत्साह, गरिमा एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के निर्माण, उसके मूल्यों, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में नागरिकों की भूमिका से अवगत करवाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, समानता, सामाजिक न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व जैसे मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम कक्षा बारहवीं की छात्रा रीना ने भारतीय संविधान के निर्माण में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने डॉ. अंबेडकर के व्यक्तिगत जीवन के संघर्षों, विषम परिस्थितियों में प्राप्त की गई शैक्षणिक उपलब्धियों तथा सामाजिक समानता के लिए किए गए उनके अथक प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा, समानता और अधिकारों को सामाजिक परिवर्तन का आधार बनाया। रीना ने विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए शिक्षा को अपने सशक्तीकरण और समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनाने के लिए प्रेरित किया।
इसके पश्चात विद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता जयबीर सिंह रंगा ने अपने संबोधन में संविधान की प्रस्तावना के प्रथम शब्द ‘हम भारत के लोग’ के महत्व को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान किसी एक व्यक्ति, जाति, धर्म अथवा भाषा का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह समस्त भारतीयों का साझा राष्ट्रीय दस्तावेज है। यह संविधान हमने स्वयं अपने लिए अंगीकृत किया है।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। उन्होंने संविधान और प्रकृति के बीच संबंधों को रेखांकित करते हुए पशु-पक्षियों, पेड़-पौधों तथा समस्त जीव-जगत के प्रति संवेदनशीलता और प्रकृति के संरक्षण की भावना को भी संवैधानिक मूल्यों से जोड़कर समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि यदि वे एक सक्षम और समतामूलक समाज का निर्माण करना चाहते हैं तो उन्हें संविधान को केवल पढ़ने तक सीमित न रखकर उसके मूल्यों को अपने व्यवहार में भी अपनाना होगा।
इस अवसर पर राजनीतिक विज्ञान के व्याख्याता सोहन लाल रंगा ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए भारतीय संविधान की ऐतिहासिक उपलब्धियों और लोकतांत्रिक महत्व को तुलनात्मक दृष्टिकोण से समझाया। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता के समय विश्व के अनेक अन्य देशों ने भी औपनिवेशिक शासन से मुक्ति प्राप्त की थी, लेकिन स्वतंत्रता के बाद भारत ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को निरंतर मजबूत बनाए रखा। इसके विपरीत हमारे पड़ोसी देशों सहित विश्व के अनेक राष्ट्रों को संवैधानिक स्थिरता और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न चुनौतियों एवं संघर्षों का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने भारतीय संविधान के सबसे महत्वपूर्ण और अमूल्य मूल्यों में से एक विविधता को स्वीकार करने और उसका सम्मान करने की भावना को बताया। उन्होंने कहा कि भारत जैसे बहुलतावादी देश में विभिन्न धर्मों, जातियों, भाषाओं, संस्कृतियों, परंपराओं और रीति-रिवाजों को समान सम्मान एवं स्थान देना भारतीय संविधान की सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक है।
भारतीय संविधान की खूबसूरती इसी में है कि वह हम सभी को अपनी अलग-अलग पहचान बनाए रखते हुए एक राष्ट्र के रूप में एक साथ रहने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि विविधता हमारी कमजोरी नहीं, बल्कि हमारी सबसे बड़ी ताकत है। भारतीय संविधान हमें एक जैसा बनने के लिए बाध्य नहीं करता, बल्कि हमारी विविध पहचानों को स्वीकार करते हुए एक राष्ट्र के रूप में एकजुट रहने का मार्ग दिखाता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि भारत की लोकतांत्रिक निरंतरता के पीछे एक मजबूत संविधान, स्वतंत्र संवैधानिक संस्थाएं, न्यायपालिका, सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार तथा नागरिकों की लोकतांत्रिक चेतना की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन, समान अवसर और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण का आधार भी है। विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक नागरिक बनने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम बेरवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान के मूल्यों को समझना और उन्हें अपने जीवन में अपनाना प्रत्येक विद्यार्थी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कक्षा बारहवीं की हिंदी पाठ्यपुस्तक के डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा रचित पाठ ‘श्रम विभाजन और जाति-प्रथा’ का उल्लेख करते हुए बताया कि कार्यों का विभाजन व्यक्ति की योग्यता, रुचि और क्षमता के आधार पर होना चाहिए, न कि जाति के आधार पर।
उन्होंने विद्यार्थियों को जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान देने तथा अपनी योग्यता और प्रतिभा के आधार पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यालयी शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील, विवेकशील और संविधान के प्रति प्रतिबद्ध नागरिक तैयार करना भी है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने संवैधानिक कर्तव्यों को समझने और एक समतामूलक, समावेशी एवं लोकतांत्रिक समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक चेतना का आधार है। संविधान की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उसके आदर्श हमारे विचारों, व्यवहार और सामाजिक जीवन का हिस्सा बनें।
*****
