गुरुग्राम में 29 नवंबर को जुटेंगे देशभर के व्यापारी नेता, व्यापारी हितों के नौ प्रमुख मुद्दों पर होगी चर्चा: विजय बंसल 

 

कोमल रमोला

 रमोला न्यूज़ ब्यूरो

पिंजौर, 25 नवंबर।

अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आगामी 29 नवंबर 2026, रविवार को गुरुग्राम में आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल शरण गर्ग की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में देशभर से संगठन के राष्ट्रीय एवं विभिन्न प्रदेशों के पदाधिकारी भाग लेंगे। बैठक में व्यापारियों के अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक-आर्थिक कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की रणनीति भी तैयार की जाएगी।

मंच के राष्ट्रीय संगठन मंत्री विजय बंसल एडवोकेट ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक प्रातः 10:30 बजे माधव सेवा केंद्र, प्लॉट नंबर 1831-P, डिफेंस कॉलोनी, सेक्टर-17A, गुरुग्राम में आयोजित होगी। उन्होंने बताया कि संगठन की ओर से व्यापारी हितों की रक्षा के लिए नौ प्रमुख मांगों एवं संकल्पों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है, जिन्हें बैठक में विस्तार से चर्चा के लिए रखा जाएगा।

विजय बंसल ने बताया कि मंच की प्रमुख मांगों में केंद्र एवं राज्य सरकारों में व्यापारी कल्याण बोर्ड के स्थान पर व्यापारी कल्याण आयोग का गठन, व्यापारियों के सामाजिक एवं आर्थिक कल्याण के लिए व्यापारी कल्याण कोष की स्थापना तथा प्रत्येक व्यापारिक प्रतिष्ठान का सामूहिक बीमा करवाना शामिल है। संगठन की मांग है कि बीमा योजना के तहत आगजनी, लूटपाट, चोरी, डकैती और प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की भरपाई सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा प्रत्येक व्यापारी का दुर्घटना बीमा, 60 वर्ष की आयु पूरी करने वाले व्यापारियों के लिए सम्मानजनक वृद्धावस्था पेंशन, व्यापार से संबंधित कानूनों एवं नियमों का सरलीकरण तथा जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों को उचित दर्जा और सम्मान दिलाने जैसे मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए जाएंगे। देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले करदाता व्यापारियों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने और देश की प्रमुख व्यापारिक मंडियों में व्यापारियों के लिए व्यापारी भवनों का निर्माण करवाने की मांग भी बैठक के एजेंडे में शामिल है।

विजय बंसल ने कहा कि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार सुरक्षा मंच छोटे, मध्यम एवं बड़े व्यापारियों तथा कुटीर, लघु एवं मध्यम उद्यमियों का एक सशक्त राष्ट्रीय संगठन है। संगठन देश के लगभग 30 करोड़ व्यापारियों के हितों की रक्षा, उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने और व्यापारी वर्ग की समस्याओं को सरकार एवं संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। संगठन का मुख्य उद्देश्य देशभर के व्यापारियों को एकजुट कर उन्हें सुरक्षा, सम्मान और सशक्त प्रतिनिधित्व दिलाना है।

उन्होंने कहा कि व्यापारियों की एकजुटता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। जब व्यापारी संगठित होकर अपनी मांगों और समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे, तभी उनकी आवाज सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचेगी। गुरुग्राम में होने वाली यह राष्ट्रीय बैठक व्यापारी हितों से जुड़े मुद्दों को नई दिशा देने और संगठन की आगामी रणनीति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

राष्ट्रीय संगठन मंत्री विजय बंसल एडवोकेट ने मंच के सभी राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों को बैठक में शामिल होने का सादर निमंत्रण देते हुए निर्धारित समय पर पहुंचने, अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने और आगमन की पूर्व सूचना देने का आग्रह किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *