नौगांव उत्तरकाशी : राष्ट्र सेवा ही परम धर्म के संकल्प के साथ वंदे मातरम् ट्रेनिंग एंड एजुकेशन फाउंडेशन, पुरोला द्वारा युवा-युवतियों के लिए विशाल चयन कैंप 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह चयन शिविर 29 नवंबर 2026, रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज बड़कोट, उत्तरकाशी में सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक आयोजित होगा।
यह चयन कैंप युवा और युवतियों दोनों के लिए आयोजित किया गया है। इसमें भारतीय सेना, अग्निवीर, उत्तराखंड पुलिस, एसएससी, फॉरेस्ट गार्ड इत्यादि की तैयारी के लिए युवाओं का चयन किया जाएगा।
फाउंडेशन के संस्थापक एवं कैंप कमांडर पूर्व सैनिक नायक राजेश सेमवाल ने बताया कि चयन के दौरान चयनित युवा-युवतियों को पुरोला गुदियाट गांव में 4 महीने तक निःशुल्क कोचिंग क्लासेस एवं फिजिकल ट्रेनिंग दी जाएगी। इस दौरान सभी युवा-युवतियों के 24 घंटे रहने एवं खाने की सभी व्यवस्थाएं पूर्णतः निःशुल्क रहेंगी।
चयनित अभ्यर्थियों को गणित, विज्ञान, रीजनिंग, सामान्य ज्ञान, सामान्य अध्ययन, उत्तराखंड एवं हिंदी सहित विषय-वार नियमित कक्षाएं अनुभवी शिक्षकों द्वारा दी जाएंगी। साथ ही फिजिकल ट्रेनिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होने बताया कि वर्ष 2020 से अभी तक वंदे मातरम् ट्रेनिंग एंड एजुकेशन फाउंडेशन से 300 से अधिक बच्चों ने भारतीय सेना, अग्निवीर, उत्तराखंड पुलिस, फॉरेस्ट गार्ड, एसएससी इत्यादि में सफलताएं प्राप्त कर चुके हैं।
फाउंडेशन ने क्षेत्र के सभी इच्छुक युवा-युवतियों से समय पर चयन शिविर में पहुंचकर इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने का आह्वान किया है।
अधिक जानकारी के लिए संपर्क करें : 8979330378, 8279485823
