बदलाव के नाम पर पंजाब से धोखा, ‘आप’ सरकार ने प्रदेश को हर मोर्चे पर किया बर्बाद: ढिल्लों

 

अनिरुद्ध मिश्रा /रमोला न्यूज़ ब्यूरो

चंडीगढ़, 22 अगस्त: 

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेता केवल सिंह ढिल्लों ने एक प्रेस बयान जारी कर आम आदमी पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ‘बदलाव’ के नाम पर पंजाब की जनता के साथ बड़ा धोखा किया गया है और ‘आप’ सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान पंजाब को हर तरफ से बर्बाद करके रख दिया है।

ढिल्लों ने राज्य के मौजूदा हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज पंजाब गंभीर समस्याओं के दौर से गुजर रहा है। राज्य में नशा, बढ़ता हुआ कर्ज, कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति, माफिया राज, गैंगस्टरवाद और वित्तीय बदहाली ने आम जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। सरकार की गलत नीतियों के कारण पंजाब आर्थिक और सामाजिक रूप से पिछड़ रहा है।

उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा कि पंजाब की इन सभी मौजूदा समस्याओं का एकमात्र समाधान भारतीय जनता पार्टी की ‘डबल इंजन सरकार’ है। देश के जिन-जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां विकास, अमन-शांति और तरक्की की नई मिसाल कायम हुई है।

ढिल्लों ने पंजाब की जनता से अपील की कि राज्य की पुरानी शान बहाल करने और एक रंगला तथा खुशहाल पंजाब बनाने के लिए भाजपा की डबल इंजन सरकार बनाना बेहद जरूरी है, ताकि पंजाब को फिर से तरक्की के रास्ते पर लाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *