अनिरुद्ध मिश्रा/ रमोला न्यूज़ ब्यूरो
चंडीगढ़, 24 अगस्त। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) चंडीगढ़ प्रदेश की इकाई के एक शिष्टमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष विद्या शंकर पाठक के नेतृत्व में सोमवार को चंडीगढ़ नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर हेमंत गुप्ता से मुलाकात की। शिष्टमंडल ने स्ट्रीट वेंडरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर ज्वाइंट कमिश्नर से विस्तार से बातचीत की।
प्रदेश अध्यक्ष विद्या शंकर पाठक ने आरोप लगाया कि नगर निगम के कुछ इंस्पेक्टर नाजायज तरीके से वेंडरों को परेशान कर रहे हैं तथा उनके साथ धक्केशाही करते हुए सामान भी उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई वेंडरों की शिकायतें सामने आई हैं, जिसके चलते शिष्टमंडल ने पूरे मामले से ज्वाइंट कमिश्नर को अवगत कराया।
रालोद नेताओं ने कहा कि स्ट्रीट वेंडरों के अधिकारों की रक्षा करना जरूरी है और नगर निगम के अधिकारियों को कार्रवाई करते समय नियमों एवं माननीय उच्चतम न्यायालय के आदेशों का पालन करना चाहिए। किसी भी वेंडर के साथ कथित तौर पर मनमानी या धक्केशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राष्ट्रीय लोक दल चंडीगढ़ ने नगर निगम के एनफोर्समेंट स्टाफ को चेतावनी देते हुए कहा कि वे वेंडरों के खिलाफ कार्रवाई करते समय कानून और न्यायालय के आदेशों का पालन करें। पार्टी ने कहा कि यदि किसी वेंडर के साथ जबरदस्ती या अन्यायपूर्ण कार्रवाई की गई तो राष्ट्रीय लोक दल नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन करने तथा नियमानुसार कार्रवाई की मांग करने के लिए विवश होगा।
शिष्टमंडल में प्रदेश अध्यक्ष विद्या शंकर पाठक के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष राममिलन गौड़, माधुरी सिंह सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। शिष्टमंडल ने ज्वाइंट कमिश्नर से वेंडरों की समस्याओं का उचित समाधान कराने की मांग की।

