विक्रांत शर्मा/ रमोला न्यूज़ ब्यूरो
पंचकूला: रविवार को PWD रेस्ट हाउस में युवा जानसंवाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया इस मौके पर सांसद कार्तिकय शर्मा यहाँ मुख्य तिथि के रूप में पहुँचे। इस दौरान युवाओं ने उनका जोरदार स्वागतः किया।युवा जन संवाद को संबोधित करते हुए सांसद कार्तिकेय शर्मा ने देश की युवा शक्ति, आधुनिक तकनीक और पारदर्शी शासन को लेकर एक बड़ा विजन प्रस्तुत किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का आह्वान दरअसल आने वाली युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए ही है। दुनिया की सबसे युवा आबादी भारत के पास सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे युवा देश है, जहाँ की 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम उम्र की है। दुनिया में सबसे ज्यादा क्षमता और प्रतिभा भारतीय युवाओं के पास है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों और पिछली पीढ़ियों का अनुभव युवाओं के काम आए, यही प्रयास होना चाहिए। छोटे शहरों से निकल रहे हैं यूनिकॉर्न देश में बदलते व्यापारिक परिदृश्य पर बात करते हुए सांसद ने कहा कि भारत में आज 100 से अधिक यूनिकॉर्न (10,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की कंपनियां) बन चुके हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें से 70 से 80 प्रतिशत यूनिकॉर्न बनाने वाले युवा दिल्ली-मुंबई जैसे महानगरों के बजाय B और C श्रेणी (Tier-2 व Tier-3) के छोटे शहरों से आए हैं। केंद्र सरकार ने पिछले 10-12 वर्षों में एक ऐसा इकोसिस्टम बनाया है, जहाँ किसी भी पृष्ठभूमि का युवा केवल अपने विचार (Idea) और क्षमता के बल पर सफलता के नए मुकाम हासिल कर सकता है।
पंचकूला में खुलेगा भव्य AI स्किल सेंटर
आधुनिक दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की उपयोगिता पर जोर देते हुए कार्तिकेय शर्मा ने पंचकूला जिले में एक भव्य ‘AI स्किल सेंटर’ शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि तेजी से बदल रही टेक्नोलॉजी से डरने के बजाय उसका इस्तेमाल नए बिजनेस मॉडल बनाने में करना होगा। यह स्किल सेंटर युवाओं को AI तकनीक से जोड़कर एक नई दिशा देने का काम करेगा।
17 सितंबर से ‘सेवा पखवाड़ा’ और ‘नमो शक्ति रथ’
सांसद ने घोषणा की कि 17 सितंबर से 8 अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान ‘नमो शक्ति रथ’ के माध्यम से जिले व आसपास के क्षेत्रों में सैंकड़ों स्वास्थ्य व जागरुकता शिविर लगाए जाएंगे। उन्होंने याद दिलाया कि ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस और एक दिन में 5,005 टेस्ट करने का कीर्तिमान बनाकर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराया जा चुका है।
प्रदेश सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पारदर्शी व्यवस्था की नींव रखी थी। उन्होंने बिना खर्ची पर्ची के नौकरियों दी।पंडित विनोद शर्मा ने सबसे ‘पर्ची-खर्ची’ प्रथा को समाप्त करने की आवाज उठाई थी। आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में वही पारदर्शी व्यवस्था आगे बढ़ रही है और प्रदेश के युवाओं को बिना किसी सिफारिश के सिर्फ उनकी योग्यता और मेरिट के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं। कार्तिकेय शर्मा ने युवाओं का आह्वान किया कि वे अवसरों को समय रहते पहचानें और देश को विकसित बनाने के संकल्प में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

