ड्यूटी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो होमगार्ड जवान सम्मानित, एसपी अंबाला ने प्रशंसा प्रमाण पत्र व नकद पुरस्कार देकर बढ़ाया मनोबल

 

कोमल रमोला
रमोला न्यूज़ ब्यूरो
अंबाला: अंबाला पुलिस द्वारा ड्यूटी के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, जिम्मेदारी और उत्कृष्ट जनसेवा का परिचय देने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में दो होमगार्ड जवानों को सम्मानित किया गया है। पुलिस अधीक्षक अंबाला श्री अजीत सिंह शेखावत, आईपीएस ने यातायात ड्यूटी के दौरान सराहनीय कार्य करने पर होमगार्ड जवान राजेश कुमार और बलजिंदर सिंह को प्रशंसा प्रमाण पत्र (कमेंडेशन सर्टिफिकेट) क्लास-III तथा 200-200 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मानित होने वाले होमगार्ड जवान राजेश कुमार (बेल्ट नंबर 224) और बलजिंदर सिंह (बेल्ट नंबर 366) यातायात पुलिस थाना शहजादपुर के अंतर्गत तैनात हैं। दोनों जवान नारायणगढ़-अंबाला रोड स्थित व्यस्त अग्रसेन चौक पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

ड्यूटी के दौरान दोनों जवानों ने यातायात को व्यवस्थित रखने, आम नागरिकों के साथ विनम्र एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार करने तथा अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने में सराहनीय योगदान दिया। उनके कार्य के प्रति समर्पण, सकारात्मक व्यवहार और कर्तव्यपरायणता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंबाला ने उन्हें सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। पुलिस अधीक्षक अंबाला श्री अजीत सिंह शेखावत ने स्पष्ट संदेश दिया कि कर्तव्य के प्रति निष्ठा, अनुशासन और आमजन के साथ अच्छा व्यवहार पुलिसिंग के महत्वपूर्ण आधार हैं।

अंबाला पुलिस में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों एवं होमगार्ड जवानों को प्रोत्साहित करने की परंपरा उनके मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ अन्य कर्मचारियों को भी ईमानदारी, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ ड्यूटी करने के लिए प्रेरित करती है।अंबाला पुलिस आमजन से अपील करती है कि यातायात नियमों का पालन करें, यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और सड़क सुरक्षा को अपनी सामूहिक जिम्मेदारी समझें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *