सिविल डिफेंस वालंटियर्स राष्ट्रीय सुरक्षा की दूसरी पंक्ति : राज्यपाल कटारिया

सुमेश कुमार /रमोला न्यूज़
चंडीगढ़, 8 मई: पंजाब के राज्यपाल एवं यू.टी. चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने रानी लक्ष्मी बाई महिला भवन, चंडीगढ़ में आयोजित सिविल डिफेंस वालंटियर्स के कॉफी टेबल बुक लोकार्पण एवं नामांकन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। सिविल डिफेंस वालंटियरिज्म के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रशासक ने वालंटियर्स के दूसरे बैच का स्वागत किया तथा आपदा तैयारी, आपातकालीन प्रतिक्रिया और सामुदायिक सशक्तिकरण में सिविल डिफेंस वालंटियर्स की बढ़ती भूमिका और योगदान को सराहा।

आज चंडीगढ़ में 330 से अधिक वालंटियर्स का पंजीकरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रशासक ने जनसुरक्षा, आपदा प्रबंधन एवं सामुदायिक सेवा में योगदान देने वाले सिविल डिफेंस वालंटियर्स को सम्मानित भी किया।

विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर चंडीगढ़ रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा रानी लक्ष्मी बाई महिला भवन में आयोजित रक्तदान शिविर का भी प्रशासक ने अवलोकन किया। “यूनाइटेड इन ह्यूमैनिटी” थीम का उल्लेख करते हुए उन्होंने सेवा, करुणा और राष्ट्र निर्माण में स्वैच्छिक सहभागिता की भावना पर बल दिया।

चंडीगढ़ प्रशासन, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं सिविल डिफेंस चंडीगढ़ की सराहना करते हुए प्रशासक ने इस पहल को जागरूकता, तैयारी, स्वयंसेवा और सामुदायिक सशक्तिकरण का सशक्त मंच बताया। “ऑपरेशन सिंदूर” के एक वर्ष का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे भारत की एकता, अनुशासन, साहस और दृढ़ता का प्रतीक बताया।

प्रशासक ने सिविल डिफेंस वालंटियर्स की बाढ़ राहत, मानसून सहायता, जागरूकता अभियानों, मॉक ड्रिल, स्वच्छता अभियानों तथा “सूर्यकिरण एयर शो” एवं “चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन 2026” जैसे बड़े सार्वजनिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका की सराहना की। उन्होंने सिविल डिफेंस वालंटियर्स को आपातकालीन परिस्थितियों में “राष्ट्रीय सुरक्षा की दूसरी पंक्ति” बताते हुए युवाओं से राष्ट्र निर्माण एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर गृह सचिव श्री मंदीप सिंह बराड़, पुलिस महानिदेशक डॉ. सागर प्रीत हुड्डा, उपायुक्त श्री निशांत कुमार यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री कंवरदीप कौर, सिविल डिफेंस वालंटियर्स एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *