सुमेश कुमार/ रमोला न्यूज़
चंडीगढ़। रीशान फाउंडेशन द्वारा वरिष्ठ समाजसेवी अरुण सूद के नेतृत्व में आयोजित विशाल रक्त एवं नेत्रदान महाशिविर में समाजसेवी संजीत सिंह को मानव सेवा, रक्तदान एवं सामाजिक कार्यों में उत्कृष्ट योगदान के लिए पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया द्वारा प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा चंडीगढ़ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय राणा ने भी रक्तदान कर युवाओं को मानव सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी पवन शर्मा, भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के महासचिव अमित राणा, मौली जागरण से वरिष्ठ भाजपा नेता अरविंद सिंह, भाजपा आईटी सेल चंडीगढ़ प्रदेश प्रमुख एवं पंजाब भाजपा का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे महेंद्र निराला, पीजीआई कार्डियोलॉजी विभाग से अमित सिंह राधे-राधे, पूजा रानी, गुरमीत सिंह धवल, प्रशांत सिंह, देवी सिंह सहित पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश एवं चंडीगढ़ के अनेक समाजसेवी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समाजसेवी संजीत सिंह का जन्म बिहार राज्य के कटिहार जिले के छोटे से गांव मनिया पिपरा में हुआ। उनके पिता श्री श्याम सुंदर सिंह आज भी गांव में डॉक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और आसपास के क्षेत्रों में उन्हें बड़े सम्मान एवं आदर की दृष्टि से देखा जाता है। उनकी माता श्रीमती चंदा देवी आंगनवाड़ी सेविका के रूप में समाज सेवा का कार्य कर रही हैं। परिवार में कुल चार भाई हैं और सभी को बचपन से ही सेवा, संस्कार एवं समाज के प्रति जिम्मेदारी की प्रेरणा मिली है।
संजीत सिंह बचपन से ही सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। विद्यालय जीवन में भी वे विभिन्न सामाजिक एवं जनहित कार्यक्रमों में अग्रणी भूमिका निभाते रहे। उन्होंने समाजशास्त्र विषय में स्नातक तक की शिक्षा प्राप्त की है। शिक्षा के दौरान भी वे सामाजिक जागरूकता, मानव सेवा एवं जनहित कार्यों से निरंतर जुड़े रहे।
वर्ष 2008 में 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद वे पहली बार दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन (BMGF) में स्वयंसेवक के रूप में कार्य किया और वर्ष 2009 तक संस्था के साथ जुड़कर विभिन्न सामाजिक अभियानों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके बाद उन्होंने जालंधर, पंजाब में ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड फाउंडेशन (TCIF) के “आवाहन प्रोजेक्ट” के अंतर्गत ट्रक ड्राइवरों के स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रमों में हेल्थ वर्कर से लेकर प्रोजेक्ट मैनेजर तक का लंबा कार्यकाल पूरा किया और समाजहित में निरंतर कार्य करते रहे।
वर्ष 2012 में संजीत सिंह चंडीगढ़ आए, जहां उन्होंने TCIF में प्रोजेक्ट मैनेजर के रूप में कार्य करते हुए समाज सेवा के साथ-साथ भारतीय जनता युवा मोर्चा में एक कार्यकर्ता के रूप में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू की। तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अमित राणा के कार्यकाल से लेकर गौरव गोयल एवं विजय राणा के कार्यकाल तक उन्होंने संगठन में सक्रिय रहकर विभिन्न सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
साथ ही वर्ष 2018 से 2022 तक भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य के रूप में भी कार्यरत रहे। इस दौरान भाजपा आईटी सेल के प्रमुख महेंद्र निराला के कार्यकाल में उन्होंने संगठन की डिजिटल एवं सोशल मीडिया गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई।
वर्तमान समय में संजीत सिंह पंचकूला में निवास कर रहे हैं तथा भाजपा पंचकूला एवं चंडीगढ़ में एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
वर्ष 2022 में संजीत सिंह को हरियाणा राज्यपाल कल्याण परिषद में आईटी प्रोफेशनल के पद पर नियुक्त किया गया, जहां उन्होंने वर्ष 2025 तक अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न सामाजिक, प्रशासनिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई और अपनी कार्यशैली से अलग पहचान बनाई।
इसके साथ ही वे “देश हित फाउंडेशन” के संस्थापक हैं तथा “डिवाइन विजन सोशल वेलफेयर एसोसिएशन” में कार्यरत डायरेक्टर के रूप में भी अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। सामाजिक कार्यों के साथ-साथ वे प्रतिदिन जरूरतमंद लोगों की सहायता एवं मानव सेवा के कार्यों में भी निरंतर सक्रिय रहते हैं।
संजीत सिंह वर्ष 2008 से लगातार रक्तदान करते आ रहे हैं और अब तक 40 से अधिक बार रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि जब भी किसी जरूरतमंद को तत्काल रक्त की आवश्यकता होती है, वह स्वयं अस्पताल पहुंचकर रक्तदान करते हैं ताकि समय पर जरूरतमंद की सहायता हो सके। यदि किसी मरीज की तत्काल आवश्यकता नहीं होती, तो वह नियमित रूप से रक्तदान शिविरों में भाग लेकर रक्तदान करते हैं।
संजीत सिंह को पीजीआई द्वारा मास्टर कार्ड भी प्रदान किया गया है, जिसके माध्यम से जरूरत पड़ने पर एक साथ 10 यूनिट तक रक्त उपलब्ध करवाया जा सकता है। उन्होंने नेत्रदान एवं शरीर के विभिन्न अंगों के दान का भी संकल्प लिया हुआ है।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक अरुण सूद ने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वहीं संजीत सिंह ने कहा कि, “रक्तदान महादान है, क्योंकि यह सीधे किसी को जीवन देने का कार्य करता है।”
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी समाजसेवियों एवं वरिष्ठ नेताओं ने मानव सेवा के इस अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
