राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार से सम्मानित पूजा परमार राणा को दी शुभकामनाएं

 

रमोला न्यूज नौगांव : नगर पंचायत अध्यक्ष विजय कुमार, ईओ शिवानी रावत समेत नगर पंचायत करमचारियों ने

आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव पहुंचकर श्रीमती पूजा परमार राणा से शिष्टाचार भेंट की गई तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

जनपद उत्तरकाशी के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में माननीय राष्ट्रपति द्वारा श्रीमती पूजा परमार राणा को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फ्लोरेंस नाइटिंगेल पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव में पिछले 15 वर्षों से दी जा रही समर्पित एवं उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रदान किया गया। दुर्गम हिमालयी क्षेत्रों में निरंतर स्वास्थ्य सेवाएं देना, दूरस्थ गांवों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना तथा कोविड-19 महामारी के दौरान यमुना तटवर्ती क्षेत्रों में प्रथम वैक्सीनेटर के रूप में शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त करना उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों में शामिल है।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में उनका योगदान अत्यंत प्रेरणादायक और सराहनीय रहा है।

पूजा परमार राणा की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे उत्तरकाशी और उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है। देवभूमि उत्तराखंड को उन पर गर्व है।

इस अवसर पर नगर पंचायत नौगांव, उत्तरकाशी की ओर से उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा गया कि उनकी सेवाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *