भीषण गर्मी में बिजली-पानी संकट से बेहाल जनता, सड़कें जाम करने को मजबूर लोग : प्रदीप चौधरी

सुरेंद्र सिंह/ रमोला न्यूज़
कालका। भीषण गर्मी के बीच कालका विधानसभा क्षेत्र में लगातार लग रहे अघोषित बिजली कटों और पेयजल संकट को लेकर कांग्रेस नेता एवं कालका से पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी ने बीजेपी प्रदेश सरकार और प्रशासन पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार के दावों की पोल अब जनता के बीच खुल चुकी है। लोग दिन-रात बिजली कटौती से परेशान हैं, हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि लोगों को सड़कें बंद करने तक पर मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गर्मी में लोग चैन की नींद तक नहीं ले पा रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन जनता की परेशानियों की ओर ध्यान देने को तैयार नहीं है।

प्रदीप चौधरी ने कहा कि कालका विधानसभा क्षेत्र में बिजली और पानी की समस्या बेहद गंभीर रूप ले चुकी है। वहीं मोरनी और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी पेयजल आपूर्ति चरमरा गई है। लोग पीने के पानी के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास न तो बिजली संकट का कोई समाधान है और न ही पानी की समस्या से निपटने की कोई ठोस योजना। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासन सिर्फ आश्वासन दे रहा है, जबकि धरातल पर कोई सुधार दिखाई नहीं दे रहा। जनता का गुस्सा लगातार बढ़ रहा है और सरकार की कार्यप्रणाली पूरी तरह फेल साबित हो रही है।

पूर्व विधायक ने किसानों की समस्या उठाते हुए कहा कि सिंचाई की बिजली सप्लाई प्रभावित होने से धान की पनीरी को भारी नुकसान पहुंच रहा है। किसान महंगे खर्च पर धान की पनीरी तैयार करते हैं, लेकिन बिजली कटौती के कारण समय पर पानी नहीं मिल पा रहा, जिससे फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि एक तरफ किसान पहले से आर्थिक तंगी झेल रहा है और दूसरी तरफ पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ते दामों ने आम जनता और किसानों दोनों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। चौधरी ने कहा कि सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह नाकाम रही है। उन्होंने यह भी कहा कि तुड़ी के दाम निरंतर बढ़ रहे है। इसे रोकने और पशुपालकों को तुड़ी की व्यवस्था करने में भी सरकार फेल साबित हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *