गांव इटावा में सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य शुरू, 36 कैमरों से बढ़ेगी सुरक्षा

 

चंडीगढ़ (हरमिंदर नागपाल)गांव इटावा के निवासियों के लिए यह खुशी और हर्ष का विषय है कि गांव में सीसीटीवी कैमरे लगाने का कार्य शुरू हो गया है। स्टेडियम रोड पर चिंतपूर्णी हार्डवेयर के पास चार कैमरे स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा गुरुद्वारा साहिब के नजदीक चार कैमरे तथा बत्रा किरयाना स्टोर के पास भी चार कैमरे लगाए जा चुके हैं।

 

गांव इटावा में कुल 36 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हैं, जिनका कार्य शीघ्र ही पूरा कर लिया जाएगा। इन कैमरों के स्थापित होने से गांव की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।

 

इस अवसर पर गांववासियों ने माननीय सांसद मनीष तिवारी का तहे दिल से आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपनी सांसद निधि (एमपी फंड) से गांव इटावा के लिए सीसीटीवी कैमरों की सुविधा उपलब्ध करवाई है। गांववासियों ने कहा कि सांसद द्वारा गांव को आधुनिक और सुरक्षित बनाने की दिशा में यह एक सराहनीय पहल है।

 

आज गुरुद्वारा साहिब की ओर से जसबीर सिंह जस्सी, जगतार सिंह मादरे और जगतार सिंह पप्पू ने कैमरे लगाए जा रहे विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ठेकेदार ने आश्वासन दिया कि उच्च गुणवत्ता वाले आधुनिक कैमरे लगाए जाएंगे, जिनकी सहायता से पूरे क्षेत्र की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी।

 

इस मौके पर गांव इटावा के निवासियों ने अपने क्षेत्र के पार्षद एवं पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी का भी विशेष धन्यवाद किया। गांववासियों ने कहा कि उनके निरंतर प्रयासों और विकास कार्यों के कारण गांव इटावा की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल रही हैं। उन्होंने गांव तथा मार्केट के विकास, सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी, जिसके लिए पूरा क्षेत्र उनका आभारी है।

 

गांववासियों ने इस परियोजना का स्वागत करते हुए इसे गांव की सुरक्षा, विकास और आधुनिक सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *