प्रांतीय सलाहकार समिति की बैठक संपन्न

 

तिलक चंद रमोला/ रमोला न्यूज़

उत्तरकाशी : प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, उत्तराखंड की प्रांतीय सलाहकार समिति की बैठक बुधवार को हल्द्वानी में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश संगठन के अध्यक्ष नवीन वर्मा, महामंत्री प्रकाश चंद्र मिश्रा (गोपेश्वर), कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद गोयल, कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, पूर्व कोषाध्यक्ष एन.सी. तिवारी, पूर्व उपाध्यक्ष दिनेश पंत, उपाध्यक्ष दिनेश डोभाल (टिहरी), माधव प्रसाद सेमवाल (जोशीमठ) तथा राकेश कुमार डिमरी (कर्णप्रयाग) सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन की भावी रणनीति एवं विस्तार को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। सलाहकार समिति द्वारा सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित कर उन्हें प्रबंध समिति की बैठक में अनुमोदन हेतु भेजा गया।

बैठक में प्रदेश संगठन के सभी 19 जिलों के लिए सह प्रभारी मनोनीत करने तथा दो से तीन जिलों के संचालन हेतु उप मंडल प्रभारी बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। कुमाऊं मंडल के सह संयोजक अखिलेश सेमवाल की तर्ज पर गढ़वाल मंडल के लिए सह प्रभारी नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर सर्वसम्मति से दिनेश डोभाल का नाम प्रस्तावित किया गया।

इसके अतिरिक्त विभिन्न जिलों के लिए प्रभारी एवं सह प्रभारी भी नामित किए गए। नैनीताल, ऊधमसिंह नगर एवं काशीपुर के लिए अशोक छावड़ा (गदरपुर), चंपावत एवं पिथौरागढ़ के लिए भैरवदत्त राय (लोहाघाट), अल्मोड़ा, बागेश्वर एवं रानीखेत के लिए मनोज अरोड़ा (कौसानी) के नाम पारित किए गए।

रुड़की एवं हरिद्वार के लिए प्रमोद जोहर तथा सह प्रभारी के रूप में संजय गर्ग (रुड़की), ऋषिकेश एवं टिहरी के लिए अब्दुल अतीक, पछवादून एवं देहरादून के लिए राकेश अग्रवाल (ऋषिकेश), यमुना घाटी एवं उत्तरकाशी के लिए तिलक चंद रमोला (पुरोला), पौड़ी-श्रीनगर के लिए मोहन सिंह रौतेला तथा सह प्रभारी के रूप में बुद्धि बल्लभ ममगाई (खांकरा), जबकि चमोली एवं रुद्रप्रयाग के लिए राकेश कुमार डिमरी (कर्णप्रयाग) के नाम सर्वसम्मति से स्वीकृत किए गए।

बैठक में प्रमुख महानगरों में संगठनात्मक चुनाव शीघ्र कराने के निर्देश भी जारी किए गए। इसके तहत काशीपुर, श्रीनगर, हल्द्वानी, हरिद्वार, नैनीताल, रुड़की, बाजपुर, गदरपुर एवं रुद्रपुर में चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ करने के लिए संबंधित जिला इकाइयों को निर्देशित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *