सुनीता नौटियाल/ रमोला न्यूज़
टिहरी गढ़वाल : उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सेम मुखेम नागराजा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
डॉ. धन सिंह रावत ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर मंदिर दर्शन की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि उन्हें “आज पवित्र सेममुखेम धाम में डुगडुगी सेम के दर्शन एवं पूजा-अर्चना करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।” उन्होंने भगवान सेम नागराजा से प्रदेशवासियों के मंगलमय जीवन की प्रार्थना भी की।
कैबिनेट मंत्री के मंदिर पहुंचने पर स्थानीय श्रद्धालुओं और मंदिर समिति के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी के बीच भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
सेम मुखेम नागराजा मंदिर उत्तराखंड के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल है और पांचवा धाम है। टिहरी गढ़वाल की पहाड़ियों में स्थित यह मंदिर अपनी धार्मिक मान्यताओं और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है। यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
डॉ. धन सिंह रावत के इस धार्मिक दौरे को लेकर सोशल मीडिया पर भी श्रद्धालुओं की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। फेसबुक पर साझा की गई तस्वीरों में मंत्री पूजा-अर्चना करते नजर आ रहे हैं।
