चौपाल लगाकर पुलिस ने ग्रामीणों को पढ़ाया साइबर सुरक्षा का पाठ   

 

रमोला न्यूज 

नौगांव : सेवा, सुशासन एवं समर्पण के तहत चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत नौगांव पुलिस ने ग्राम पलेठा में पुलिस चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव की जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी चौकी नौगांव उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह रावत ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने बताया कि डिजिटल और सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधी भी नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों को संदिग्ध लिंक, फर्जी ई-मेल, मैसेज, वीडियो कॉल तथा अन्य ऑनलाइन माध्यमों से होने वाली धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।

उपनिरीक्षक रावत ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपना ओटीपी, सीवीवी नंबर, एटीएम या डेबिट कार्ड पिन, इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड अथवा बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर या वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार हो जाता है तो वह तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए तथा नजदीकी पुलिस थाने या साइबर पुलिस से संपर्क करे, ताकि समय रहते कार्रवाई कर आर्थिक नुकसान को रोका जा सके।

चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को उपयोगी बताते हुए साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक रहने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *