*मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के निर्देश, एसडीएम ने की प्रगति की समीक्षा*

 

विक्रांत शर्मा/ रमोला न्यूज़

पंचकूला, 6 जुलाई : ईआरओ एवं एसडीएम पंचकूला श्री चंद्रकांत कटारिया ने आज लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अतिरिक्त एईआरओ एवं सुपरवाइजरों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने बूथ स्तर पर चल रहे सत्यापन एवं डिजिटलीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने एईआरओ एवं सुपरवाइजरों से गणना प्रपत्र भरने तथा उन्हें ऑनलाइन दर्ज करने की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

 

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं का सत्यापन किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित अथवा दोहरे पंजीकरण वाले मतदाताओं के नाम नियमानुसार मतदाता सूची से हटाए जाएंगे। इसके बाद शेष मतदाताओं की संख्या के आधार पर दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का रैशनलाइजेशन किया जाएगा।

 

 

एसडीएम श्री कटारिया ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची का सही, अद्यतन एवं त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और प्रत्येक गणना प्रपत्र का समय पर सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में बताया गया कि जिला पंचकूला में कुल 4 लाख 29 हजार 185 मतदाता हैं। इनमें से 2 लाख 4 हजार 309 मतदाताओं के गणना प्रपत्र संबंधित बीएलओ द्वारा डिजिटाइज किए जा चुके हैं। एसडीएम ने निर्देश दिए कि शेष गणना प्रपत्रों के सत्यापन एवं डिजिटाइजेशन का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।

 

इस अवसर पर तहसीलदार पंचकूला सुरेश कुमार, नायब तहसीलदार हरदेव सिंह, इलेक्शन तहसीलदार अजय राठी, कानूनगो कुलदीप सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *