राजीव इंदिरा कॉलोनी के निवासियों को एक-एक मरले के प्लॉट देने की मांग को लेकर चंद्रमोहन ने मुख्य प्रशासक, HSVP को सौंपा ज्ञापन

 

विक्रांत शर्मा / रमोला न्यूज़

पंचकूला, 14 जुलाई। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पंचकूला विधायक चंद्रमोहन ने आज हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के मुख्य प्रशासक से मुलाकात कर राजीव एवं इंदिरा कॉलोनी के निवासियों की लंबे समय से लंबित पुनर्वास की मांग को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि राजीव एवं इंदिरा कॉलोनी के निवासी पिछले लगभग 35 वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कठिन परिस्थितियों में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। वर्ष 1994 में तत्कालीन हरियाणा सरकार द्वारा इन परिवारों के पुनर्वास के लिए एक-एक मरले के प्लॉट देने की योजना बनाई गई थी तथा सर्वेक्षण के बाद पात्र परिवारों से निर्धारित राशि भी जमा करवाई गई। इसके बावजूद आज तक अधिकांश पात्र परिवारों को प्लॉटों का कब्जा नहीं मिल सका है।

चंद्रमोहन ने मुख्य प्रशासक का ध्यान इस ओर भी आकर्षित किया कि अनेक परिवारों से विभिन्न चरणों में राशि जमा करवाई गई, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी उन्हें उनका अधिकार नहीं मिला। उन्होंने कहा कि गरीब एवं मेहनतकश परिवार लंबे समय से सरकार से न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं और अब इस मामले का शीघ्र समाधान होना चाहिए।

 

उन्होंने मांग की कि पात्र परिवारों को बिना किसी और देरी के एक-एक मरले के प्लॉट का आवंटन एवं कब्जा दिया जाए, ताकि दशकों से लंबित पुनर्वास प्रक्रिया पूरी हो सके। साथ ही, जब तक पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, तब तक कॉलोनी में किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ या बेदखली की कार्रवाई न की जाए।

चंद्रमोहन ने कहा कि यह केवल आवास का नहीं, बल्कि हजारों गरीब परिवारों के सम्मान और अधिकार का प्रश्न है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि HSVP इस मामले पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा, जिससे वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे परिवारों को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *