तिलक चंद रमोला / रमोला न्यूज़
नौगांव: उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर नौगांव विकासखंड के सुनारा गांव में इंटैक, एचसीएल फाउंडेशन एवं नमामि गंगे के संयुक्त तत्वावधान में पौधरोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधे रोपे।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान धीरेंद्र राणा और पर्यावरण प्रेमी भरत सिंह रावत ने कहा कि हरेला पर्व केवल एक सांस्कृतिक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इंटैक के फील्ड ऑफिसर तिलक रमोला तथा केयर टेकर कौशल्या असवाल ने पौधरोपण करते हुए कहा कि बढ़ते पर्यावरणीय संकट से निपटने के लिए जनसहभागिता बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रत्येक शुभ अवसर पर पौधरोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।
वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन का स्रोत ही नहीं हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और जलवायु संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से पौधरोपण और वृक्षों के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
हरेला पर सुनारा में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
