विश्व पुस्तक अभिलेख, लंदन से सम्मानित हुईं समाजसेवी एवं महिला उद्यमी इंदरजीत कौर औलख, भारतीय महिला नेतृत्व को मिली वैश्विक पहचान

 

विक्रांत शर्मा /रमोला न्यूज़ ब्यूरो

पंचकूला। समाजसेवी एवं भारत की प्रतिष्ठित महिला उद्यमी तथा एम प्रो डेवलपर्स की संस्थापक इंदरजीत कौर औलख को लंदन में आयोजित एक भव्य समारोह में सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान रियल एस्टेट क्षेत्र में दो दशकों से अधिक के वैश्विक अनुभव, नवाचार, उत्कृष्ट नेतृत्व तथा समाज के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

सम्मान ग्रहण करने के उपरांत समाजसेवी इंदरजीत कौर औलख ने कहा कि यह पुरस्कार केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पिछले दो दशकों से अधिक समय में विश्व के विभिन्न देशों में अर्जित अनुभव, सीख और दृष्टिकोण का सम्मान है। उन्होंने यह उपलब्धि अपनी पूरी टीम, सहयोगियों, ग्राहकों, निवेशकों तथा शुभचिंतकों को समर्पित करते हुए कहा कि उनके विश्वास और सहयोग ने ही इस मुकाम तक पहुंचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा, “यह सम्मान मेरे दो दशक से अधिक के वैश्विक रियल एस्टेट अनुभव को समर्पित है। विभिन्न देशों में कार्य करते हुए मैंने सीखा कि सफल शहर केवल इमारतों से नहीं, बल्कि दूरदर्शी सोच, विश्वास और लोगों के सपनों से बनते हैं। मेरा उद्देश्य भारत में भी वैश्विक मानकों के अनुरूप गुणवत्ता, पारदर्शिता और आधुनिक सोच के साथ विकास करना है।”

रियल एस्टेट उद्योग में 20 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ समाजसेवी इंदरजीत कौर औलख ने पारदर्शिता, गुणवत्ता और दीर्घकालिक विश्वास को अपनी कार्यशैली का आधार बनाया है। उनके नेतृत्व में एम प्रो डेवलपर्स ने आधुनिक एवं टिकाऊ विकास की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण पहल करते हुए निवेशकों और ग्राहकों का विश्वास अर्जित किया है।

समारोह में उपस्थित अंतरराष्ट्रीय गणमान्य अतिथियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय महिला उद्यमी आज अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और दूरदृष्टि के बल पर वैश्विक मंच पर नई पहचान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान भारत की बढ़ती उद्यमशीलता, महिला सशक्तिकरण और विश्व स्तर पर देश की सुदृढ़ होती प्रतिष्ठा का प्रतीक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *