विक्रांत शर्मा /रमोला न्यूज़ ब्यूरो
पंचकूला, 20 जुलाई। स्वावलंबवी केंद्र, पंचकूला द्वारा एक एनजीओ के सहयोग से आयोजित 45 दिवसीय इंटर्नशिप एवं कौशल विकास कार्यक्रम का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी कॉलेजों की 55 छात्राओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह में पंचकूला नगर निगम के आयुक्त श्री विनय कुमार ने छात्राओं को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में आयुक्त श्री विनय कुमार ने कहा कि युवाओं, विशेषकर छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने वाले कौशल विकास कार्यक्रम समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर निगम की आईईसी (IEC) एवं बायो वॉलंटियर योजनाओं के माध्यम से भी छात्राओं को आगे लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा। उनकी इस घोषणा का छात्राओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
समारोह में हरियाणा कौशल विकास मिशन के मिशन निदेशक डॉ. राजेश गोयल,आई हेट पॉलीथिन के सरल गर्ग, कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. ओ.पी. सिंह तथा अरुण गर्ग भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्राओं को निरंतर सीखने और अपने कौशल का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. ओ.पी. सिंह ने बताया कि इस इंटर्नशिप कार्यक्रम की रूपरेखा लगभग तीन माह पूर्व तैयार की गई थी। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था पिछले चार वर्षों से सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय के साथ विभिन्न चैरिटेबल एवं कौशल विकास गतिविधियों में कार्य कर रही है। इसी सहयोग और विश्वास के आधार पर यह इंटर्नशिप कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में रोजगारपरक कौशल, उद्यमिता, व्यक्तित्व विकास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना था, ताकि वे भविष्य में बेहतर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें
