मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जलियांवाला बाग के अमर बलिदानियों को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जलियांवाला बाग नरसंहार की बरसी पर देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक संदेश साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बलिदानियों के साहस और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। मुख्यमंत्री ने जलियांवाला बाग नरसंहार को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का सबसे काला अध्याय करार दिया। उन्होंने कहा कि इस त्रासदी ने न केवल उस समय के जनमानस को प्रभावित किया, बल्कि पूरे देश की आत्मा को झकझोर कर रख दिया था। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में लिखा : “मातृभूमि की आज़ादी के लिए निहत्थे होकर भी अदम्य साहस और अद्वितीय बलिदान का परिचय देने वाले वीरों का यह त्याग सदा-सर्वदा प्रेरणा देता रहेगा।”

नायब सिंह सैनी ने बलिदानियों के अद्वितीय साहस, त्याग और अटूट राष्ट्रभक्ति की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी निहत्थे भारतीयों ने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ जो शौर्य दिखाया, वह इतिहास के पन्नों में अमर है। उन्होंने कहा कि आज का भारत उन महान पूर्वजों के बलिदान का ऋणी है, जिन्होंने भावी पीढ़ियों के स्वतंत्र भविष्य के लिए अपना वर्तमान कुर्बान कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *