पूरे देश में मीडिया के जरिए जन-जन तक पहुंचाएंगे आम आदमी पार्टी की नीतियां: अनुराग ढांडा

 

*आम आदमी पार्टी के नेशनल मीडिया इंचार्ज बने वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा

चंडीगढ़ 27 मार्च :

आम आदमी पार्टी ने हरियाणा के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष रहे अनुराग ढांडा को नेशनल मीडिया इंचार्ज के पद की जिम्मेदारी दी है। अपनी नियुक्ति पर उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का आभार जताया।

गौरतलब है कि अनुराग ढांडा हरियाणा में आप के एक प्रमुख चेहरा हैं और हमेशा से अपनी बेबाक राय, जनता से जुड़ाव और संगठनात्मक क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उनकी यह नई भूमिका पार्टी के मीडिया संचालन को और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी के रूप में वह पार्टी के विचारों, नीतियों और जनहित के मुद्दों को देशभर में मजबूती से प्रस्तुत करने के लिए पूरे देश में एक मजबूत मीडिया टीम तैयार करने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

अनुराग ढांडा एक प्रखर वक्ता हैं और पार्टी के पक्ष को मजबूती से राष्ट्रीय मीडिया में उठाते रहे हैं। उन्होंने कई मौकों पर पार्टी के विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व किया, जैसे कि 2023 में जूनियर कोच यौन शोषण मामले में मंत्री संदीप सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भूख हड़ताल और 2024 में कुरुक्षेत्र में कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज के खिलाफ आवाज उठाना। इन प्रदर्शनों में उनकी सक्रियता ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल और राज्यसभा सांसद श्री संजय सिंह ने भी वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा को शुभकामनाएं दी।

अनुराग ढांडा ने अपनी नियुक्ति पर कहा, “मैं अरविंद केजरीवाल जी का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने मुझ पर यह भरोसा जताया। मैं पूरी निष्ठा और मेहनत से इस जिम्मेदारी को निभाऊंगा और आम आदमी की आवाज को देशभर में बुलंद करूंगा।”आम आदमी पार्टी इस नियुक्ति के साथ अपने संगठन को और सशक्त बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है और जनता के बीच अपनी पहुंच को और व्यापक करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *