दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पिंजौर और कालका क्षेत्र में पुलिस की विशेष निगरानी

 

हेमंत कुमार (रमोला न्यूज़ ब्यूरो )

 कालका, 5 नवंबर

दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भयमुक्त माहौल में संपन्न करवाने के लिए पंचकूला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। त्योहार के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को फील्ड में सक्रिय रहकर ड्यूटी करने तथा सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।

 

डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार, पंचकूला के सभी सेक्टरों के साथ-साथ पिंजौर और कालका क्षेत्र में भी पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है। सभी थाना और चौकी प्रभारियों की अगुवाई में पुलिस टीमें लगातार पैदल गश्त कर रही हैं। बाजारों, शॉपिंग क्षेत्रों, चौक-चौराहों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेकिंग बढ़ा दी गई है। इसके अलावा अवैध पटाखों की बिक्री पर भी पुलिस द्वारा विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

 

पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर औचक नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है। पुलिसकर्मी फील्ड में लोगों से सीधा संवाद कर उन्हें सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने के प्रति जागरूक भी कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।

 

पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने जिलावासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पंचकूला पुलिस नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह तत्पर है। त्योहार के दौरान आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाएं, सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि सभी के सहयोग से त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाया जा सके।

 

पंचकूला पुलिस की आमजन से अपील

 

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बाजारों में खरीदारी करते समय अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें और उन्हें अकेला न छोड़ें। किसी भी लावारिस या संदिग्ध वस्तु को न छुएं तथा इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। वाहन चलाते समय नशे का सेवन बिल्कुल न करें और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने से बचें। अभिभावक अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *