कोमल रमोला
रमोला न्यूज़ ब्यूरो
अंबाला/पंचकूला, 5 नवंबर,
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी की अंबाला में आयोजित विशाल जनसभा में पंचकूला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता के नेतृत्व में पंचकूला से 42 बसों में सवार होकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता रैली में पहुंचे।
इस अवसर पर श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि श्री अमित शाह जी को सुनने के लिए कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पंचकूला से इतनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी संगठन की मजबूती, एकजुटता और भाजपा की विचारधारा के प्रति उनके समर्पण को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी का मार्गदर्शन भाजपा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करता है।
श्री गुप्ता ने कहा कि अंबाला में आयोजित यह जनसभा ऐतिहासिक रही। इस दौरान शहीद स्मारक का लोकार्पण भी देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करने का महत्वपूर्ण अवसर रहा। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने रैली में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले पंचकूला विधानसभा क्षेत्र के सभी भाजपा पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चों के कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का आभार व्यक्त किया।
