पंचकूला, 16 अगस्त।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंचकूला नगर निगम के महापौर कुलभूषण गोयल ने सेक्टर-17 स्थित सामुदायिक केंद्र में ध्वजारोहण किया। इस दौरान होमगार्ड जवानों ने उन्हें सलामी दी। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
महापौर कुलभूषण गोयल एवं उनकी धर्मपत्नी अंजू गोयल ने स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत उन्होंने नगर निगम के विभिन्न कर्मचारियों को सम्मानित किया और अपने मानदेय का वितरण किया।
गौरतलब है कि महापौर बनने के बाद से कुलभूषण गोयल अब तक छह बार अपना मानदेय कर्मचारियों को वितरित कर चुके हैं। इस बार उन्होंने पिछले कई महीनों का मानदेय एक साथ वितरित किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने सरकारी मानदेय अपने पास न रखने का निर्णय लिया है और इसे सदैव मेहनती कर्मचारियों को प्रोत्साहन के रूप में देते हैं।
कुलभूषण गोयल ने यह भी स्पष्ट किया कि वह महापौर रहते हुए किसी भी प्रकार की सरकारी सुविधा का उपयोग नहीं कर रहे। न तो उन्होंने सरकारी गाड़ी ली है, न ड्राइवर, और अपनी निजी गाड़ी का खर्च भी स्वयं वहन करते हैं।
कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त आर.के. सिंह, संयुक्त आयुक्त गौरव चौहान, डीएमसी अपूर्व चौधरी सहित विभिन्न पार्षद और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

