रिपोर्ट :रोमी सिंह
पंचकूला, 31 अक्तूबर। जिला बार एसोसिएशन पंचकूला में आज एक नई पहल के रूप में सिविल हॉस्पिटल की ओर से सिविल डिस्पेंसरी केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस डिस्पेंसरी का उद्देश्य बार सदस्यों और आम नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन डिस्ट्रिक्ट एंड सेशन जज श्री वेद प्रकाश सिरोही ने किया। इस अवसर पर उन्होंने जिला बार एसोसिएशन की सराहना करते हुए कहा कि पंचकूला बार एसोसिएशन ने सदैव समाजहित और अधिवक्ताओं की भलाई के लिए अनुकरणीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं हर कार्यस्थल पर होनी चाहिए, और बार एसोसिएशन द्वारा उठाया गया यह कदम निश्चित ही प्रेरणादायक है।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट राकेश शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि बार परिसर में सिविल डिस्पेंसरी की शुरुआत लंबे समय से उठाई जा रही मांग का परिणाम है। उन्होंने बताया कि चाहे बिजली ट्रांसफर की समस्या रही हो या पार्किंग की—हर चुनौती का समाधान टीम भावना और सहयोग से किया गया है। शर्मा ने कहा, “आज इस सिविल डिस्पेंसरी के खुलने से न केवल बार के सदस्य बल्कि आमजन भी लाभान्वित होंगे। स्वास्थ्य सुविधा की पहुंच अब हर अधिवक्ता और नागरिक तक होगी।”
उन्होंने आगे कहा कि यह पहल तभी सार्थक होगी जब प्रदेश की हर जिला बार एसोसिएशन में इसी प्रकार की डिस्पेंसरी खोली जाए। उन्होंने इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारियों के सहयोग से ही यह पहल संभव हो सकी है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से डॉ. नीरू कपूर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग भविष्य में भी बार सदस्यों और आम जनता के स्वास्थ्य हित में ऐसे शिविर और स्वास्थ्य केंद्र लगाने के लिए तत्पर रहेगा।
उद्घाटन समारोह में जिला बार एसोसिएशन के अनेक वरिष्ठ सदस्य, अधिवक्ता, और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अध्यक्ष राकेश शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह डिस्पेंसरी अब नियमित रूप से बार सदस्यों की सेवा में उपलब्ध रहेगी।

