पंचकूला में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने झंडी दिखाकर किया शुभारंभ, स्वयं भी दौड़ीं युवाओं के साथ

रिपोर्ट : प्रीति कंबोज

पंचकूला, 31 अक्तूबर : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर आज पंचकूला में जिला स्तरीय “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन किया गया। परेड ग्राउंड सेक्टर-5 से शुरू हुई यह एकता दौड़ पूरे जोश और उत्साह के साथ सम्पन्न हुई, जिसमें सैकड़ों युवाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव रहीं, जिन्होंने झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की और स्वयं भी बच्चों के साथ दौड़ लगाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में मेयर कुलभूषण गोयल, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार, पुलिस आयुक्त सिवाश कविराज, उपायुक्त सतपाल शर्मा, पुलिस उपायुक्त सृष्टि गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, नगराधीश जागृति, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय मित्तल, सिविल सर्जन डॉ. मुक्ता कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी संध्या मलिक, जिला खेल अधिकारी नील कमल सहित जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता, अखंडता व सुरक्षा के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “रन फॉर यूनिटी केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि यह हमारे देश की एकता, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। लौह पुरुष सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस से देश को एक सूत्र में पिरोया और हमें यह सिखाया कि संगठित होकर ही हम हर लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं।”

यह दौड़ परेड ग्राउंड से प्रारंभ होकर राजहंस सिनेमा, नाइट फूड स्ट्रीट, बैला विस्टा और हाफेड की बैक साइड से होते हुए पुनः परेड ग्राउंड पर समाप्त हुई। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर “एक भारत – श्रेष्ठ भारत” का संदेश दिया।

दौड़ के समापन पर सभी प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट वितरित की गई।
यह आयोजन जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग तथा खेल विभाग के संयुक्त सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

📸 कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति के नारे गूंजे और वातावरण ‘एकता में शक्ति है’ के संदेश से सराबोर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *