हरियाणा के किसानों को बड़ी राहत, मुख्यमंत्री ने 53,821 किसानों को 116 करोड़ रुपये मुआवजा जारी किया

रिपोर्ट : प्रीति कंबोज

चंडीगढ़, 10 दिसंबर – हरियाणा के किसानों को भारी बारिश और बाढ़ से हुए फसली नुकसान की भरपाई के लिए आज बड़ी राहत मिली जब मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने 53,821 किसानों को कुल 116 करोड़ 15 लाख रुपये की मुआवजा राशि जारी की। मुख्यमंत्री ने सिविल सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि यह राशि तुरंत किसानों के खातों में भेजी जा रही है और अगले एक सप्ताह में पूरी राशि किसानों तक पहुंच जाएगी। इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगस्त–सितंबर माह में हुई भारी बारिश ने कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए थे। उनकी ओर से बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया था और किसानों से ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल पर नुकसान की जानकारी दर्ज करने का आग्रह किया गया था। सत्यापन के बाद 1 लाख 20 हजार 380 एकड़ क्षेत्र में फसल नुकसान की पुष्टि हुई, जिसके आधार पर यह मुआवजा राशि जारी की गई।

उन्होंने बताया कि जारी राशि में बाजरे की फसल के लिए 35 करोड़ 29 लाख, कपास के लिए 27 करोड़ 43 लाख, धान के लिए 22 करोड़ 91 लाख और गवार के लिए 14 करोड़ 10 लाख रुपये की राशि शामिल है। चरखी दादरी के किसानों को सर्वाधिक 23 करोड़ 55 लाख रुपये दिए गए हैं, जबकि हिसार और भिवानी को क्रमशः 17 करोड़ 82 लाख और 12 करोड़ 15 लाख रुपये जारी किए गए हैं। इससे पहले पशु धन, मकान क्षति और अन्य सामानों के नुकसान की भरपाई के लिए भी 4 करोड़ 72 लाख रुपये जारी किए जा चुके हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है और पिछले 11 वर्षों में किसानों को फसल खराबे पर मुआवजे एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 15,448 करोड़ रुपये की राशि दी जा चुकी है। उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में किसानों का भद्दा मजाक उड़ाया जाता था और 2-5 रुपये के चैक देकर उनका अपमान किया जाता था। जबकि भाजपा सरकार आने के बाद कांग्रेस का 269 करोड़ रुपये का लंबित मुआवजा भी किसानों के खातों में पहुंचाया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ सीजन-2025 में फसलों के नुकसान के सत्यापन में लापरवाही बरतने वाले 6 पटवारियों को निलंबित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार जनता के प्रति जवाबदेह है और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने बाजरा किसानों के लिए भावान्तर भरपाई योजना के अंतर्गत भी बड़ी राहत की घोषणा की। सरकार ने 575 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से बाजरा किसानों को लाभ देने का निर्णय लिया है। आज 1 लाख 57 हजार किसानों को 358 करोड़ 62 लाख रुपये की राशि भावांतर के तहत जारी की गई है। इस राशि के जारी होने के बाद कुल भुगतान 1,285 करोड़ 62 लाख रुपये हो गया है।

इस प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और विभागीय प्रमुख भी उपस्थित रहे, जिनमें डॉ. सुमिता मिश्रा, श्री एके सिंह, श्री अरुण कुमार गुप्ता, श्री विजेंद्र कुमार, श्री प्रभजोत सिंह, श्री राजनारायण कौशिक, श्री अमित खत्री, श्री यश पाल, तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक श्री पार्थ गुप्ता शामिल थे।

यह कदम सरकार की किसानों के प्रति प्रतिबद्धता और उनके हितों की रक्षा का मजबूत प्रमाण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *