हरियाणा पुलिस के 1 अधिकारी राष्ट्रपति पुलिस पदक से होंगे सम्मानित तथा 12 अन्य को मिलेगा पुलिस पदक
– पुलिस महानिदेशक ने समस्त पदक विजेताओं को दी शुभकामनाएं, बढ़ाया मनोबल
रिपोर्ट : कोमल रमोला
चंडीगढ, 25 जनवरी – गणतंत्र दिवस के अवसर पर हरियाणा के 1 पुलिस अधिकारी को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जा रहा है तथा 12 अन्य पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से अलंकृत किया जाएगा।

डीजीपी अजय सिंघल ने दी बधाई
पदक प्राप्त करने वाले अधिकारियों व जवानों की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों के अथक एवं निरंतर प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान समस्त पुलिस बल के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि से पुलिस पदक से अलंकृत होने वाले अधिकारियों के साथ-साथ राज्य पुलिस बल के अन्य अधिकारियों व जवानों का भी मनोबल बढे़गा। उन्होंने चयनित अधिकारियों तथा जवानों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
ये होंगे सम्मानित-
फरीदाबाद के संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेश दुग्गल को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित जाएगा।
हरियाणा पुलिस में सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित होने वाले अधिकारियों में समरदीप सिंह पुलिस महानिरीक्षक रोहतक रेंज, सुनील कुमार,
पुलिस अधीक्षक, स्टेट क्राइम ब्रांच मुख्यालय मोगीनंद पंचकूला,सहायक पुलिस आयुक्त, गुरूग्राम सुखबीर सिंह,निरीक्षक कंवर पाल हिसार,निरीक्षक नरेश कुमार पुलिस अकादमी मधुबन करनाल,उप – निरीक्षक सुरेंद्र सिंह स्पेशल टास्क फोर्स गुरूग्राम,उप-निरीक्षक योगेश कुमार फरीदाबाद,सहायक उप-निरीक्षक प्रदीप चौहान सुरक्षा शाखा कार्यालय,निरीक्षक गूगन राम भारतीय रिजर्व बिटालियन(आई.आर.बी.) मानेसर,निरीक्षक राजीव आर.टी.सी भौंडसी( गुरूग्राम),महिला उप-निरीक्षक रेखा कैथल व सहायक उपरनिरीक्षक गौरव शर्मा गुप्तचर कार्यालय चंडीगढ़ ( पंचकुला) हरियाणा शामिल हैं।

