आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा, आदमपुर’ करने पर नायब सिंह सैनी ने नरेंद्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त किया

 

प्रीति कंबोज

चंडीगढ़, 1 फरवरी- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संत गुरु रविदास जी महाराज की 649वीं जयंती के पावन अवसर पर पंजाब के आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर **‘श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा, आदमपुर’** करने के ऐतिहासिक निर्णय पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह निर्णय श्री गुरु रविदास महाराज जी के शाश्वत आदर्शों—समानता, करुणा, सेवा और मानव गरिमा—के प्रति एक विनम्र श्रद्धांजलि है। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी ने सदियों पहले समाज में व्याप्त जाति-पाति, ऊँच-नीच और अंधविश्वास जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और समाज को एकता, भाईचारे एवं आध्यात्मिक जागृति की नई दिशा प्रदान की। प्रधानमंत्री का यह कदम पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है, और पूरे देश के लिए सामाजिक समरसता और सशक्तिकरण का प्रतीक बनेगा।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि संत गुरु रविदास जयंती के इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा समाज को दी गई यह बेहतरीन सौगात अत्यंत सराहनीय है। यह निर्णय गुरु रविदास जी महाराज के जीवन दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुँचाने और उनके आदर्शों को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। आदमपुर हवाई अड्डा अब न केवल क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और विकास का केंद्र बनेगा, बल्कि गुरु रविदास जी के संदेशों का प्रतीक भी बनेगा।

श्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के प्रति गहन कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। यह कदम सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की दिशा में एक और मजबूत पहल है। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से अपील की कि वे गुरु रविदास जी महाराज के आदर्शों—‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’—को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं और एक मजबूत, समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *