पानीपत। हरियाणा के पानीपत में तेल चोरी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पानीपत रिफाइनरी से तेल लेकर हिमाचल जा रहे एक टैंकर को जानबूझकर पलटाने और उसमें से करीब 11 लाख रुपए का तेल चोरी करने के आरोप में ड्राइवर और कंडक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर का दावा है कि एडवांस पेमेंट न मिलने से नाराज ड्राइवर ने सबक सिखाने की धमकी दी थी और उसी रंजिश में इस घटना को अंजाम दिया गया। राजेश कुमार ट्रांसपोर्ट रिफाइनरी पानीपत के मैनेजर संदीप ने पुलिस अधीक्षक (SP) को दी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी का रिफाइनरी के भीतर ट्रांसपोर्ट का टेंडर है। 23 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2:28 बजे एक तेल टैंकर हिमाचल के पोंटा साहिब के लिए रवाना हुआ था। इस टैंकर पर करनाल निवासी पंकज राणा (ड्राइवर) और अरुण (कंडक्टर) तैनात थे। शिकायत के अनुसार, टैंकर उसी रात करीब 8 बजे पोंटा साहिब के पास नैना टीकर पहुँचा। वहां संदिग्ध परिस्थितियों में टैंकर सड़क पर पलट गया। घटना के बाद जब जांच की गई, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए:
ढांचा सुरक्षित, तेल गायब: टैंकर का ढांचा पूरी तरह सुरक्षित पाया गया, जिससे यह आशंका प्रबल हो गई कि गाड़ी को जानबूझकर पलटाया गया था। लाखों का नुकसान: जांच में टैंकर के अंदर से करीब 11,02,584 रुपए का तेल गायब मिला। चोरी छुपाने का खेल : आरोप है कि आरोपियों ने पहले तेल किसी अज्ञात व्यक्ति को बेच दिया और फिर मामले को हादसे का रूप देने के लिए टैंकर को पलट दिया।
धमकी और रंजिश का एंगल
मैनेजर संदीप ने आरोप लगाया कि ड्राइवर पंकज राणा पिछले कुछ दिनों से एडवांस पेमेंट की मांग को लेकर दबाव बना रहा था। पेमेंट नहीं मिलने पर उसने कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुँचाने और मैनेजर को ‘सबक सिखाने’ की धमकी भी दी थी। मैनेजर का मानना है कि इसी धमकी को हकीकत में बदलने के लिए योजनाबद्ध तरीके से तेल चोरी की गई।
पुलिस कार्रवाई
पानीपत पुलिस ने शिकायत के आधार पर ड्राइवर पंकज राणा और कंडक्टर अरुण के खिलाफ सदर थाने में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि चोरी किया गया तेल किसे बेचा गया और इस साजिश में क्या कुछ और लोग भी शामिल हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और उनकी तलाश जारी है।
