भिवानी में बेटियों के लिए पहली बार लगा मेगा रोजगार मेला, 22 कंपनियों ने दिए सुनहरे अवसर

भिवानी हरियाणा के भिवानी में पहली बार केवल बेटियों के लिए मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जो अपने आप में एक अनूठी पहल साबित हुआ। यह मेला आदर्श महिला महाविद्यालय में आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की 22 निजी कंपनियों ने भाग लेकर शिक्षित बेटियों को रोजगार के अवसर प्रदान किए। इस मेले में करीब 600 छात्राओं ने साक्षात्कार दिए। कंपनियां कंप्यूटर, डिजिटल मार्केटिंग, सेल्स, बैंकिंग, फार्मा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), वस्त्र उद्योग और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों से जुड़ी थीं। आयोजन से पहले छात्राओं को इंटरव्यू स्किल, स्किल डेवलपमेंट और निजी कंपनियों के वर्क कल्चर के बारे में विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे उन्हें साक्षात्कार में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिली।
रोजगार प्राप्त करने वाली छात्राओं ने बताया कि उन्हें साक्षात्कार के दौरान अच्छे ऑफर मिले हैं और प्रशिक्षण के बाद कंपनियां उन्हें 40 हजार रुपये प्रति माह तक वेतन देने को तैयार हैं। छात्राओं ने इस पहल को उनके करियर के लिए एक बड़ा अवसर बताया और कहा कि भविष्य में भी इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन होना चाहिए।
प्रवक्ता गायत्री देवी और अन्य प्रतिभागी छात्राओं ने भी इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रोजगार मेले बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने सरकार और संस्थानों से अपील की कि इस तरह के आयोजन नियमित रूप से किए जाएं ताकि अधिक से अधिक बेटियों को रोजगार के अवसर मिल सकें। यह मेगा रोजगार मेला न केवल बेटियों को रोजगार दिलाने का माध्यम बना, बल्कि समाज में उनकी भागीदारी और आत्मविश्वास बढ़ाने की दिशा में भी एक मजबूत पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *