पंचकूला के विकास के लिए भाजपा एकजुट: प्रदीप गोयल ने श्याम लाल बंसल की उम्मीदवारी का किया पूर्ण समर्थन

 

रोमी सिंह /रमोला न्यूज़
पंचकूला: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और मेयर पद के प्रबल दावेदार रहे प्रदीप गोयल ने पार्टी के निर्णय का सम्मान करते हुए श्री श्याम लाल बंसल को मेयर पद का प्रत्याशी बनाए जाने पर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” और “संगठन सर्वोपरि” की भावना के साथ वे और उनके सभी समर्थक भाजपा की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं।
प्रदीप गोयल ने जारी बयान में कहा, “मैं पंचकूला के उन सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं और साथियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने उम्मीदवारी के प्रति अपना अटूट विश्वास और स्नेह दिखाया। पार्टी नेतृत्व ने श्री श्याम लाल बंसल जी को प्रत्याशी बनाकर जो निर्णय लिया है, हम सब उसका स्वागत करते हैं। बंसल जी एक अनुभवी और कर्मठ नेता हैं और मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में पंचकूला विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।”
उन्होंने आगे कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं से ऊपर उठकर कमल के फूल को मजबूत करने का है। गोयल ने घोषणा की कि वे स्वयं और उनकी पूरी टीम आगामी चुनाव में श्री श्याम लाल बंसल जी के पक्ष में प्रचार करेंगे और भारी मतों से उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे।
प्रदीप गोयल ने दोहराया कि उनका मुख्य लक्ष्य पंचकूला को भ्रष्टाचार मुक्त और विकसित शहर बनाना है, जो केवल भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में ही संभव है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना सारते हुए कहा कि जनता ने कांग्रेस की विकास विरोधी नीतियों को नकार दिया है और एक बार फिर भाजपा पर भरोसा जताने का मन बना लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *