‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में चंडीगढ़ में महिला आक्रोश, राहुल गांधी और ममता बनर्जी के पुतले फूंके

सुमेश कुमार /रमोला न्यूज़

चंडीगढ़, दिनांक 22 अप्रैल 2026
‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में आज चंडीगढ़ में महिला शक्ति का अभूतपूर्व प्रदर्शन देखने को मिला। यह प्रभावशाली प्रदर्शन अपना हुनर संस्था द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें शहर के विभिन्न वर्गों से आई 300 से अधिक महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
प्रदर्शन की शुरुआत सेक्टर-45 स्थित देव समाज कॉलेज के मुख्य द्वार से हुई, जहां से महिलाओं ने आक्रोश पदयात्रा निकाली। हाथों में तख्तियां और बुलंद नारों के साथ महिलाओं ने संसद में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का विरोध करने वाले विपक्षी नेताओं के खिलाफ अपना कड़ा रोष प्रकट किया।
प्रदर्शन का समापन सेक्टर-45 और सेक्टर-33 की डिवाइडिंग रोड पर राहुल गांधी और ममता बनर्जी के पुतले फूंककर किया गया, जो उनके विरोध का प्रतीक बना। इस दौरान उपस्थित महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे ठोस नीतियों और निर्णायक कदमों के माध्यम से लागू करना समय की मांग है।
अपना हुनर संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह आंदोलन महिलाओं के अधिकारों और समान भागीदारी की दिशा में एक सशक्त संदेश है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की महिलाएं अब अपने अधिकारों को लेकर पूरी तरह जागरूक हैं और किसी भी प्रकार के विरोध को बर्दाश्त नहीं करेंगी।
पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, जिसमें महिला शक्ति की एकजुटता, जागरूकता और दृढ़ संकल्प स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *