चंडीगढ़ : हरियाणा भाजपा की प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता ने गुरुवार को सोनीपत में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस व उसकी सहयोगी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम को लेकर कांग्रेस, सपा और डीएमके के सांसदों के रवैये की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इन दलों ने संसद में देश की आधी आबादी का अपमान किया है। इस अवसर पर महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मोनिका दहिया, विधायक कृष्णा गहलावत, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, महिला मोर्चा की जिला महामंत्री स्वातिक आर्य, भारत मल्होत्रा और हरदीप सिंह आदि मौजूद रहे। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन अधिनियम महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, लेकिन विपक्षी दलों ने इसका विरोध करके अपनी महिला विरोधी मानसिकता उजागर कर दी। उन्होंने कहा कि संसद में विपक्षी दलों के सांसदों ने न केवल इस विधेयक का विरोध किया, बल्कि महिला शक्ति का उपहास भी उड़ाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को जो अधिकार वर्षों से मिलने चाहिए थे उसमें विपक्ष ने बाधा डालने का काम किया है। उन्होंने कहा कि संसद में कांग्रेस पार्टी और उसके सहयोगी दलों ने जनता के सामने स्पष्ट कर दिया कि विपक्षी पार्टियां महिला विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल का दिन भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जा सकता था, लेकिन विपक्ष की साजिश ने इस दिन को इतिहास का एक काल दिन बना दिया। कांग्रेस पार्टी ने 70 करोड़ माताओं, बहनों और बेटियों के सपनों पर सीधा प्रहार किया है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह वही कांग्रेस है जिसने शाह बानो केस में महिलाओं के अधिकारों से समझौता किया और ट्रिपल तलाक जैसे मुद्दों पर भी महिलाओं के हितों के खिलाफ खड़ी रही। कांग्रेस का पूरा रिकॉर्ड बताता है कि कांग्रेस सिर्फ भाषणों में अधिकारों की बात करती है जबकि कांग्रेस की नीति महिलाओं के खिलाफ है।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती कि गांव, गरीब और मध्यम वर्ग की महिलाएं संसद में आएं, क्योंकि इससे उनके राजनीतिक वर्चस्व को खतरा होगा। कांग्रेस का पूरा मॉडल इस बात पर आधारित है कि सत्ता कुछ परिवारों तक सीमित रहे। कांग्रेस अपने परिवार की महिलाओं को आगे बढ़ाना चाहती है, देश की सामान्य महिलाओ से कांग्रेस का कोई लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपने अपमान को भूलने वाली नहीं है, आने वाले चुनावों में महिलाएं कांग्रेस को सबक सिखाएंगी।
प्रेसवार्ता में डा. अर्चना गुप्ता ने मोदी सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं को भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना ने समाज में बेटियों के प्रति सोच बदलने का काम किया है। उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन देकर उनके स्वास्थ्य और सम्मान की रक्षा की गई। इसके अलावा जनधन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा महिलाओं को देश के विकास की धुरी माना है और उनके सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। डां अर्चना गुप्ता ने नायब सैनी सरकार द्वारा महिलाओं के हित में किए जा रहे कार्यों और का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नायब सैनी सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में महिला स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देकर महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को राज्य स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने विपक्षी दलों की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्षी दल केवल राजनीतिक लाभ के लिए महिलाओं के मुद्दों का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि जब महिलाओं को वास्तविक अधिकार देने की बात आती है तब-तब कांग्रेस पार्टी विरोध करने लग जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश में शासन किया और महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया।
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि लोकसभा में कांग्रेस का दोहरा चरित्र अब देश की जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है। जनता को भ्रमित करने के लिए कांग्रेस सिर्फ महिला सशक्तिकरण के नाम पर नोटंकी करती है और दूसरी तरफ संसद में महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़ी हो जाती है। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है।
