कोमल रमोला/ रमोला न्यूज़
पंचकूला:पंचकूला में आयोजित एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया और इसे “भ्रष्टाचार की ट्रिपल इंजन सरकार” करार दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र, राज्य और नगर निगम—तीनों स्तरों पर भाजपा की सरकार होने के बावजूद विकास कार्य ठप पड़े हैं और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है।
पंचकूला नगर निगम चुनाव के संदर्भ में आयोजित इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में दीपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार घोटालों और भ्रष्टाचार में पूरी तरह डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि एक घोटाले की गूंज थमती भी नहीं कि दूसरा घोटाला सामने आ जाता है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार की प्राथमिकता जनसेवा नहीं, बल्कि भ्रष्टाचार को बढ़ावा देना बन गई है।
उन्होंने शहर की मौजूदा स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पंचकूला जैसे योजनाबद्ध शहर में आज सड़कों की हालत खस्ताहाल है, जगह-जगह गड्ढे हैं, और स्वच्छता व्यवस्था चरमराई हुई है। उन्होंने कहा कि कूड़े के ढेर, सीवरेज की समस्याएं और सफाई व्यवस्था की लचर स्थिति आम नागरिकों के जीवन को प्रभावित कर रही हैं।
दीपेंद्र हुड्डा ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के पार्षद भी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और विकास कार्यों में पारदर्शिता का अभाव है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में जनता के पैसे का सही उपयोग नहीं हो रहा है, जिससे बुनियादी ढांचा मजबूत होने की बजाय लगातार कमजोर होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और स्थानीय समस्याओं से जूझ रही जनता अब भाजपा सरकार की नीतियों से पूरी तरह निराश हो चुकी है। लोगों को न तो कोई सुनवाई मिल रही है और न ही उनकी समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने विश्वास जताया कि आगामी पंचकूला नगर निगम चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देगी, और बदलाव के लिए मतदान करेगी। उन्होंने कहा हमारी मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज बेहद कर्मठ, मेहनती, ईमानदार व्यक्तित्व की है ,पार्टी ने बड़ी सोच समझ कर उनको मैदान में उतारा है।
क्योंकि उनकी बिल्कुल बेदाग छवि है । जबकि भाजपा के मेयर प्रत्याशी सड़क निर्माण घोटालों में लिप्त है।हमें विश्वास है कि जनता उनका भरपूर समर्थन देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रही है और लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
अंत में उन्होंने पंचकूला के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने मताधिकार का उपयोग सोच-समझकर करें और ऐसी सरकार चुनें जो वास्तव में शहर के विकास, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दे सके। इस पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद दीपेंद्र हुड्डा के साथ सांसद वरुण मुलाना, राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध, पंचकूला विधायक चंद्र मोहन, कांग्रेस मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज, पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी , संजीव भारद्वाज दिव्यांशु बुद्धिराजा, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी , लहरी सिंह,संजय चौहान, विजय बंसल, अशोक मेहता, शशि शर्मा ,फोम लाल, निशांन सिंह, पूर्व विधायक अर्जुन सिंह, पराग गाबा, रविंदर रावल, नरपाल गुर्जर, गुरनाम सिंह , चांदवीर हुड्डा,पवन जैन ,भावना गुप्ता , दर्शन लाल, सुनील चावला, अमित तिवारी एवं कई पार्षद पद के प्रत्याशी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
