भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने युवाओं को दिए संस्कार और संस्कृति के संदेश

प्रीति कंबोज/ रमोला न्यूज़
चंडीगढ़, 10 मई। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा भगवान श्री परशुराम केवल एक धार्मिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि सत्य, साहस, धर्म और राष्ट्ररक्षा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम के विचार आज के समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने हजारों वर्ष पहले थे। हमें उनके आदर्शों पर चलते हुए सनातन संस्कृति को मजबूत करने और समाज में नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने का संकल्प लेना चाहिए।

रविवार को नांगल ठाकरान स्थित भगवान परशुराम मंदिर में आयोजित भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव समारोह में हरियाणा सरकार के सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवा, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चारण, पूजा-अर्चना और भगवान परशुराम जी की आरती के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण बना रहा। समारोह को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम जी ने अन्याय और अधर्म के खिलाफ संघर्ष करते हुए समाज को धर्म और कर्तव्य का मार्ग दिखाया। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आज की युवा पीढ़ी को भगवान परशुराम जी के जीवन से अनुशासन, परिश्रम, राष्ट्रभक्ति और संस्कारों की सीख लेनी चाहिए। यदि युवा अपने संस्कारों और संस्कृति से जुड़े रहेंगे, तभी देश और समाज मजबूत बनेगा।
डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी संस्कृति और युवा शक्ति है। उन्होंने कहा कि हमारी सबसे बड़ी पूंजी हमारे बच्चे हैं। यदि बच्चों और युवाओं को सही दिशा, शिक्षा और संस्कार दिए जाएं तो वे देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने अभिभावकों से भी आह्वान किया कि वे बच्चों को भारतीय संस्कृति, महापुरुषों और संतों के विचारों से जोड़ें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश और देश में युवाओं को योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। आज बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्य युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल रही हैं, जिससे युवाओं का सरकार पर विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है ताकि युवाओं का भविष्य उज्ज्वल बन सके। उन्होंने युवाओं से नशे और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम जी का जीवन हमें सिखाता है कि व्यक्ति को हमेशा धर्म, समाज और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान मंदिर समिति एवं स्थानीय लोगों ने सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा का स्वागत एवं सम्मान किया। समारोह में धार्मिक भजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। इस अवसर पर हवा सिंह भारद्वाज, निगम पार्षद अमन, मांगेराम अत्री, प्रवीण सहरावत, पण्डित ओमप्रकाश, दिनेश भारद्वाज, ईश्वर दत्त वत्स, सतीश शर्मा, श्रीभगवान कौशिक, विष्णु गुढा आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *