वित्त विहीन विद्यालयों की समस्याओं को लेकर बड़कोट में मंथन, संगठन मजबूती पर जोर ।

सुरेश चंद रमोला / रमोला न्यूज़
बड़कोट। वित्त विहीन मान्यता प्राप्त विद्यालय एशोसिएशन की एक आवश्यक बैठक बड़कोट स्थित हिलग्रीन इंटर कॉलेज में प्रदेश अध्यक्ष सुरेश चन्द रमोला की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जनपद भर से पहुंचे विद्यालय संचालकों एवं प्रधानाचार्यो ने विद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए संगठित प्रयास करने का निर्णय लिया।

बैठक में मुख्य रूप से आरटीई के तहत बीते एक वर्ष से विद्यालयों को धनराशि न मिलने पर नाराजगी व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण वित्त विहीन विद्यालयों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा विद्यालयों की मान्यता, नवीनीकरण तथा समिति पंजीकरण में आ रही प्रशासनिक दिक्कतों को भी प्रमुखता से उठाया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि विद्यालयों की समस्याओं के समाधान हेतु प्रदेश एवं जनपद स्तरीय कमेटी के नेतृत्व में जल्द ही शिक्षामंत्री एवं संबंधित उच्चाधिकारियों से वार्ता की जाएगी। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर भी जोर दिया गया।

संगठन विस्तार के तहत यमुनाघाटी से धनवीर सिंह चौहान, चिन्यालीसौड़ से अमेन्द्र सिंह बिष्ट, डुंडा से जयपाल शाह तथा भटवाड़ी से विकास सेमवाल को प्रभारी नियुक्त किया गया। पदाधिकारियों ने आशा जताई कि इससे संगठन की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी तथा विद्यालयों की आवाज प्रभावी ढंग से शासन-प्रशासन तक पहुंच सकेगी।

बैठक में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, निजी विद्यालयों के हितों की रक्षा करने तथा छात्रों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।

इस मौके पर जिलाध्यक्ष जयपाल सिंह सजवाण, सचिव विकास सेमवाल, कोषाध्यक्ष रमेश उनियाल,धनवीर सिंह, अंतिम नौटियाल, गुरवीर गड़िया, दिनेश नौटियाल, अमित राणा, राधेश्याम, मान सिंह भण्डारी, रविंद्र सिंह बर्त्वाल, जयपाल शाह, ओमप्रकाश गुप्ता, शिवनारायण उनियाल, बबीता शाह, वीरेंद्र वर्द्धन, नरेश राणा, मान सिंह कैंतुरा,
सुनील थपलियाल,ओंकार बहुगुणा सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों के संचालक एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *